फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मीट व्यापारियों से मारपीट मामला: जांच में मीट भैंस का पाया गया, व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे से हटाई जाएंगी धारा

Wed, 28 May 2025 04:39 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

24 मई 2025 की सुबह गांव अलहदाद पुर पर मैक्स गाड़ी में संरक्षित पशु के मांस को ले जाने के शक में आरोपियों ने चार मीट व्यापारियों कदीम (32), अकील (35), अरबाज (38) व अकील निवासीगण पक्की गढ़ी अतरौली को घेर कर बुरी तरह मारपीट की। व्यापारियों को पुलिस ने बचाया।
विज्ञापन
घायल मीट व्यापारी से वार्ता करते ऑल इंडिया जमीयत उल क़ुरैश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हाजी यूसुफ़ क़ुरैशी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ के अलहदादपुर में बवाल के बाद मीट व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे में से गोवध निवारण अधिनियम की धारा हट जाएगी। क्योंकि जांच के बाद व्यापारियों के कब्जे से बरामद मीट भैंस का निकला है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष पर अब मांस के परिवहन में नियमों की अनदेखी करने और अन्य व्यापारिक नियमों के उल्लंघन आदि में मामला चलता रहेगा।

विज्ञापन


पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि घटना के बाद मांस के परिवहन के लिए संबंधित विभागों से मिलकर एक समन्वय प्रक्रिया बनाने पर भी विचार किया जाएगा। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रशासन और पुलिस विभाग शामिल है। विचार किया जा रहा है कि जो वाहन मीट का परिवहन करें उन पर अलग से क्यू आर कोड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था हो। अगर कोई व्यक्ति या समूह मीट ले जाने वाले वाहन के रास्ते में व्यवधान पैदा करता है, तो वह भी कैमरे में कैद हो सके।

पशु चिकित्सा विभाग ने मीट के चार नमूने जांच को मथुरा भेजे थे। रिपोर्ट आ चुकी है। वह मांस भैंस का था। चारों मीट व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे से धाराएं हटाई जाएंगी। नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज रहेगा।- अमृत जैन, (आईपीएस) एसपीआरए

विज्ञापन

यह है मामला
24 मई 2025 की सुबह गांव अलहदाद पुर पर मैक्स गाड़ी में संरक्षित पशु के मांस को ले जाने के शक में आरोपियों ने चार मीट व्यापारियों कदीम (32), अकील (35), अरबाज (38) व अकील निवासीगण पक्की गढ़ी अतरौली को घेर कर बुरी तरह मारपीट की। व्यापारियों को पुलिस ने बचाया। मांस के नमूने लेकर जांच को भेजे। हमलावर और पीड़ित दोनों पक्षों की ओर से थाना हरदुआगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया। 25 मई को पुलिस ने आरोपी पक्ष से नामजद कलाई गांव के विजय कुमार गुप्ता, विजय बजरंगी व निधोला गांव के लवकुश को गिरफ्तार कर लिया। 27 मई मंगलवार को एक अन्य आरोपी भानु प्रताप उर्फ भूरा निवासी अलहदादपुर, थाना हरदुआगंज को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों घायल व्यापारी अभी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।

मीट व्यापारियों से मारपीट पर बढ़ा अलीगढ़ का सियासी ताप

अलीगढ़ में थाना अकराबाद क्षेत्र के अलहदादपुर में चार मीट व्यापारियों के साथ हुई मारपीट के मामले ने शहर का सियासी ताप बढ़ा दिया है। मंगलवार को घायलों से कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद, पूर्व सांसद दानिश अली, आप के सांसद संजय सिंह मिलने के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घटना का हवाला देकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ऑल इंडिया जमीयत उल क़ुरैश का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष डॉ. हाजी यूसुफ कुरैशी के साथ घायलों से मिलने पहुंचा। इलाज के लिए दो लाख रुपये की सहायता की घोषणा की।

पीड़ितों को कानूनी सहायता देगी कांग्रेस पार्टी
कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद घायलों से मिलने जेएन मेडिकल कालेज पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में व्यापारियों के साथ मारपीट हुई। पुलिस की गाड़ी से खींच कर मीट व्यापारियों को बेरहमी से पीटा गया। पीड़ितों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। हम पीड़ितों के साथ खड़े हैं। कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अमरोहा के पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा कि आरएसएस और भाजपा को सत्ता में बने रहने के लिए धार्मिक कट्टरता चाहिए। यही वजह है कि इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। पहलगाम और अलीगढ़ की घटनाओं के चेहरे भले ही अलग हैं लेकिन नफरत एक ही है।

घायलों की आवाज को आप संसद में उठाएगी
घायलों से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्य सभा से सांसद संजय सिंह ने कहा कि घायल मीट व्यापारियों की आवाज को वह संसद में उठाएंगे। घटना के कई आरोपी हैं जिनको गिरफ्तार नहीं किया गया है। हमारी मांग है कि इनकी जल्द गिरफ्तारी हो और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चले। जो मीट व्यापारी पिटे हैं वह वैध तरीके से माल लेकर जा रहे थे। लेकिन सरकार ने गुंडागर्दी का लाइसेंस दे रखा है। जानबूझ कर माहौल बिगाड़ने के लिए संरक्षण दे रखा है। प्रदेश के अंदर लखनऊ में 24 घंटे के अंदर 24 हत्याएं हो रही हैं इससे प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। पीड़ितों के लिए हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। इलाज में मदद करेंगे।

दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में होगा धरना-प्रदर्शन, करेंगे भूख हड़ताल

मीट व्यापारियों पर हमला करने वाले दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैश देशभर में धरना-प्रदर्शन करेगा और भूख-हड़ताल पर बैठकर इन्साफ की गुहार लगाएगा।ये एलान मंगलवार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल मीट व्यापारियों से मिलने के बाद ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यूसुफ कुरैशी ने किया है। उन्होंने कहा कि अब तक जो मीट सैंपल मथुरा भेजे गए हैं, उनमें भैंस की मीट की रिपोर्ट आई है। मीट व्यापारियों पर हमला एक दर्दनाक और खतरनाक घटना है। मीट व्यापारियों पर जानलेवा हमला करने वाले दोषियों पर एनएसए लगाया जाए। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में धरना-प्रदर्शन होगा और भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से मांग है कि घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की मदद की जाए। व्यापारियों के माल को बरामद किया जाए। कुरैश समाज को कमजोर, बेरोजगार और भुखमरी का शिकार बनाने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश में स्लाटर हाउस बंद हो गए। समाज के बच्चे तालीम से महरूम रह गए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही दिल्ली में रैली होगी, जिसमें देशभर के समाज के लोग जुटेंगे, जिस तरह वर्ष 2002 में जुटे थे। दिल्ली बंद कराएंगे।

घायलों को दो लाख रुपये की मदद
जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों के इलाज के लिए जमीयतुल कुरैश की ओर से दो लाख रुपये दिए गए। प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी, मोहम्मद शफीक कुरैशी, अकील, उत्तर प्रदेश सचिव नूर मोहम्मद, मोहम्मद कफील, मोहम्मद नवाब, एमएस ग्रुप के अध्यक्ष मोहम्मद सगीर मोहम्मद जाहिद, मुजम्मिल, दानिश आदि मौजूद रहे।

आरोपियों पर मुकदमा दर्ज है, कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी: डीएम
अलीगढ़ जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि मीट व्यापारियों पर हमले के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरोपियों पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में बेहद गंभीर है और अपना काम कर रही है।
विज्ञापन

बवाल के बाद चेता प्रशासन.. अब सिर्फ इंसुलेटेड वाहनों में ही ले जा सकेंगे मीट

पनैठी क्षेत्र में मीट ले जाने के दौरान हुए बवाल के बाद अब जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को प्रशासन ने मीट परिवहन के संबंध में कई अहम फैसले लिए हैं। इसके तहत अब मीट के परिवहन के लिए केवल इंसुलेटेड वैन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उपयोग आमतौर पर खाद्य पदार्थों और तापमान-संवेदनशील उत्पादों के लिए होता है। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक हुई। इसमें एडीएम सिटी एके भट्ट, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, पशुपालन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एफएसडी के अधिकारी शामिल हुए। एडीएम सिटी ने बताया कि जिले में फैक्टरियों से मीट की आपूर्ति मान्य है। जिले की तीन फैक्टरियों से कारोबारी मीट खरीदारी कर रहे हैं।

नए नियम और शर्तें
  • इंसुलेटेड वैन का उपयोग : मीट फैक्टरियां अब अपने स्तर से इन वैन से मीट की आपूर्ति करेंगी, इसके लिए परिवहन शुल्क वसूल कर सकेंगी।
  • रसीद पर मुहर अनिवार्य : फैक्टरियों को स्थानीय स्तर पर आपूर्ति करने पर रसीद पर अनिवार्य रूप से मुहर लगानी होगी, जिससे खरीद की प्रमाणिकता स्पष्ट हो सके।
  • एफएसडीए की जांच : खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (एफएसडीए) भी खरीदारों की जांच करेगा, लाइसेंस के अनुसार क्षमता तय की जाएगी।
 
पनैठी की घटना के बाद अब मीट की आपूर्ति केवल फैक्टरियों की गाड़ियों से ही होगी। इसके लिए कारोबारियों को फैक्टरी संचालकों को शुल्क जमा करना होगा। फैक्टरी से गाड़ी बाहर निकलने पर प्रबंधन को रसीद पर मुहर के साथ ही गेट पास भी जारी करना होगा। एफएसडीए की जांच-पड़ताल के बाद जरूरत के अनुसार ही लाइसेंस धारियों को मीट लेने की अनुमति होगी। - अमित कुमार भट्ट, एडीएम सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें