गांधीपार्क क्षेत्र की बैंक कॉलोनी प्रीमियर नगर से रिश्तेदारों संग राजस्थान के करौली स्थित कैला देवी माता के दर्शन को जा रहे कारोबारी के परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना शनिवार शाम राजस्थान के धौलपुर जिले की बाड़ी कोतवाली क्षेत्र में एनएच-11 बी पर कांसौटी खेड़ा पुलिया के पास कार का टायर फटने से हुई।
तेज रफ्तार कार का टायर फटने पर वह सड़क पर पलटी खाने के बाद पहले सड़क सहारे पेड़ से टकराई और फिर खाई में पलट गई। दुर्घटना में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इनमें से तीन का आगरा के निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। इधर, तीनों शव रविवार शाम जब यहां आए तो परिवारों में कोहराम मच गया।
धौलपुर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि अलीगढ़ के गिर्राज किशोर अग्रवाल शनिवार को अपने तीन दामादों को परिवार सहित तीन कारों में लेकर कैला देवी आस्थाधाम में माता के दर्शन को जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार एक कार का अगला टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
इस हादसे में कार चला रहे गिर्राज किशोर के बड़े दामाद धवल कुमार (45) पुत्र नंदकिशोर निवासी बैंक कालोनी प्रीमियर नगर गांधीपार्क और धवल कुमार की मां पुष्पा (70), गिर्राज किशोर के सबसे छोटे दामाद शरद अग्रवाल की बेटी परी (12) निवासी प्रतिभा कालोनी बन्नादेवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि धवल कुमार की पत्नी ममता (42), बेटा जतिन (17), गिर्राज किशोर की हाथरस सादाबाद निवासी दूसरी बेटी पिंकी (30) पत्नी नरेश, पिंकी की बेटी गुनगुन उर्फ माफी (14) घायल हो गए।
सूचना पर बाडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से जतिन, पिंकी व गुनगुन को गंभीर हालत में आगरा लाया गया है। इधर, पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव रविवार शाम पांच बजे यहां पहुंचे। मां-बेटे का शव बैंक कालोनी लाया गया, जबकि परी का शव प्रतिभा कालोनी लाया गया। जहां कोहराम मच गया। देर शाम शवों के अंतिम संस्कार किए गए।