ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार, मौके लगी भीड़। संवाद
- फोटो : samvad
क्षेत्र के दिल्ली-कानपुर हाइवे पर खेरेश्वर चौराहे के समीप बृहस्पतिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में कार सवार दो लोग बाल-बाल बच गए, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दिल्ली के आरके पुरम निवासी वीकेश सिंह अपने एक साथी के साथ किसी कार्य से कासगंज गए थे। बृहस्पतिवार शाम दोनों कार से दिल्ली लौट रहे थे, जैसे ही वे खेरेश्वर चौराहे के पास पहुंचे, वह एक ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाइवे पर जाम की स्थिति बन गयी। सूचना मिलने पर खेरेश्वर चौकी इंचार्ज मनिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हाइवे से किनारे कराया, जिसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सकी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है और कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि तहरीर मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।