शिवांग हुंडई के संचालक शलभ मित्तल ने बताया कि नवरात्र के लिए 12 सितंबर तक 45 कारें बुक हो चुकी हैं। इनकी डिलीवरी नवरात्र में होनी है। बुकिंग का यह आंकड़ा अभी और बढ़ेगा। अलीगढ़ ऑटो सेंटर के स्वामी दुष्यंत प्रताप ने बताया कि अभी तक करीब 490 बाइकों की बुकिंग हो चुकी है। इनमें सबसे अधिक मांग हीरो स्पलेंडर की है, जबकि पिछले साल नवरात्र में करीब 245 बाइकें बिकी थीं।
60 हजार से डेढ़ लाख तक सस्ती होंगी कारें
1200 सीसी से कम क्षमता की कारों व 350 सीसी तक की बाइकों पर 10 प्रतिशत जीएसटी की कटौती की जा रही है। शोरूम संचालकों के अनुसार 60,000 से डेढ़ लाख रुपये तक कारें सस्ती हो रही हैं। कंपनियां कुछ चुनिंदा ब्रांडों पर अतिरिक्त ऑफर भी दे रही हैं। ऐसे में आठ लाख रुपये तक की कारें 75000 रुपये तक सस्ती मिल सकेंगी। बाइकें भी सात हजार से लेकर 15,000 रुपये तक सस्ती हो जाएंगी। जिले में अधिकांश शोरूम संचालकों ने पहले से ही कारों का स्टॉक कर लिया है।
इन पर लगेगा ज्यादा टैक्स
बाजार के जानकारों के मुताबिक 1200 सीसी से ऊपर की क्षमता वाली और एसयूवी कारों पर 28 की जगह 40 फीसदी जीएसटी लगाने की घोषणा हुई है। इधर, 350 सीसी से अधिक क्षमता के इंजन वाली बाइकों पर भी अब 28 की जगह 40 फीसदी टैक्स लगाया जाएगा।