जीटी रोड पर अकराबाद क्षेत्र में गांव खेड़ा नरायण सिंह के पास शनिवार शाम कार-कैंटर की भिड़ंत में चाचा-भतीजी सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में कैंटर सवार एक दर्जन लोग जख्मी हुए हैं जिनमें एक युवक की हालत नाजुक है। उसे निजी नर्सिंग होम में वेंटिलेटर पर रखा गया है। बताया गया है कि कैंटर सवार लोग दादरी में मजदूरी करते थे, जो दिवाली मनाने अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में कार सवार दो लोग भी शामिल हैं।
अलीगढ़ के सासनीगेट क्षेत्र की बाबरी मंडी निवासी 26 वर्षीय नितिन कांत पुत्र सरोज बाबू अपनी बैगनआर कार से दोस्त योगेंद्र व हर्ष निवासी बुद्ध विहार, बन्नादेवी के साथ कासगंज से लौट रहे थे। वह किसी काम से कासगंज गए थे। कार को उनका ड्राइवर 19 वर्षीय भानु निवासी भुजपुरा चला रहा था। जैसे ही उनकी कार गांव खेड़ा नारायण सिंह के पास पहुंची तो सामने से आ रहे कैंटर से भीषण भिड़ंत हो गई।
कैंटर कार को रौंदते हुए अनियंत्रित होकर पलट गया। कैंटर दादरी से कासगंज ट्रेन के लोहे के पार्ट्स लेकर जा रहा था। उसने पीछे सवारियां भी थीं। कैंटर पलटा तो उसकी सवारियां लोहे के नीचे दब गईं और मौके पर चीखपुकार मच गई। इस हादसे में कार सवार नितिन, ड्राइवर भानू के अलावा कैंटर सवार शिवानी पुत्री श्याम सिंह (12), उसका चाचा टीटी पुत्र रनवीर सिंह (19) निवासी गांव राई थाना अलीगंज एटा तथा प्रवेश पुत्र रामसेवक (20) निवासी गांव दामरी थाना सिढ़पुरा कासगंज की मौत हो गई। टीटी और शिवानी चाचा-भतीजी थे, जबकि कार सवार दो अन्य युवकों सहित दर्जनभर घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। कैंटर सवार घायलों में श्याम सिंह व सुशील पुत्रगण अभिलाख, ऊषा पत्नी श्याम सिंह, बेटा रिंकू व शिवम, पुष्पेंद्र पुत्र वेदराम निवासीगण गांव राई थाना अलीगंज, बबलू पुत्र दामोदर निवासी अगसौली व उपेंद्र पुत्र होरीलाल निवासी गांव सामरी थाना एटा शामिल हैं। इनमें बबलू की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है। एसओ अकराबाद के अलावा मेडिकल चौकी इंचार्ज व अन्य टीमें उनकी तीमारदारी में लगी हैं।
ओवर टेक बनी मौत की वजह
अकराबाद। अकराबाद में जीटी रोड पर खेड़ानारायण सिंह में हुए हादसे में पांच लोगों की मौत को देखकर लोगों में यही चर्चा थी कि अगर कार चालक ओवरटेक न करता तो हादसा नहीं होता। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अलीगढ़ की ओर जा रही है वैगनआर की स्पीड काफी थी। जैसे ही कार चालक ने अपने पीछे आ रहे एक वाहन को ओवरटेक किया तो सामने से आ रहे कैंटर चालक ने एक दम से ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगाते समय दोनों वाहन भिड़ और कैंटर पलट गया। कैंटर में रेल के पहिये थे। कैंटर पलटते ही ट्रेन के पहिये कैंटर में मौजूद सवारियों पर गिर गए। इससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो कार सवारों की मौत हो गई। इस हादसे कैंटर में मौजूद सवारियों के चीख-पुकार मच गई। काफी देर तक सवारियां समझ ही नहीं पाईं क्या हुआ। दो युवतियां तो काफी देर तक सदमे में रहीं। सभी घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
कुछ लोगों की इंसानियत मरी
अकराबाद। जीटी रोड पर दुर्घटना के दौरान जहां लोग घायलों की मदद कर रहे थे, वहीं कुछ घायल और मृतकों के जेब से पैसा और मोबाइल और अन्य कीमती सामन भी निकालने लगे। इसी बचाव कर रहे कुछ लोगों की नजर जेब से सामान निकालने वालों पर पड़ी और उनकी मौके से दौड़ा दिया। इस घटना की मौके पर काफी देर तक चर्चा रही।