यमुना एक्सप्रेसवे पर टप्पल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव श्यारौल (45-46वें प्वाइंट) के निकट बुधवार देर रात एक कैंटर में अचानक आग लग गई। चालक और हेल्पर ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार जनपद हरदोई निवासी चालक धर्मेश अपने साथी हेल्पर नतेश के साथ दिल्ली की आजादपुर मंडी से खाली कैंटर लेकर टमाटर लेने मध्य प्रदेश जा रहा था। गाड़ी में टमाटर भरने के लिए करीब 320 खाली क्रेट्स लदी हुई थीं।
रात करीब 1:30 बजे जब कैंटर श्यारौल गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक इंजन से चिंगारियां निकलने लगीं। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, सूखी प्लास्टिक की क्रेट्स होने के कारण आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख धर्मेश और नतेश ने बिना देरी किए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए।
चालक ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। टप्पल पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। आग बुझाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक उसमें रखी क्रेट्स जल चुकी थीं। टप्पल थाना प्रभारी शिवप्रसाद सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाकर यातायात सुचारू किया गया है।