प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को उलझाया। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ है, लेकिन इस बार सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्नों ने उलझाया है। सामान्य ज्ञान से प्रश्न ज्यादा आए थे।
परीक्षार्थियों ने पहली पाली की परीक्षा में प्रश्न पत्र नंबर-64 से 68 तक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मार्केटिंग और फाइनेंस से जुड़े प्रश्न थे, लेकिन मार्केटिंग का जिक्र नहीं था। कानपुर के भारतेंदु ने बताया कि सामान्य ज्ञान के ज्यादा प्रश्न आए थे। एटा की अनुसुइया ने बताया कि गणित के प्रश्नों में दिक्कतें हुई हैं। कानपुर के आलोक बताया कि रीजनिंग के प्रश्नों को हल करने में दिक्कतें हुईं। राज वर्मा ने बताया कि रसायन विज्ञान के प्रश्न थोड़े कठिन थे।
पहले दिन गैर हाजिर रहे 9343 परीक्षार्थी
अलीगढ़ जिले के 37 केंद्रों पर शनिवार को दो पालियों में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2025 (पीईटी) हुई। इसमें कुल 37152 परीक्षार्थियों में से 26809 परीक्षा में शामिल हुए जबकि 9343 गैर हाजिर रहे। इस तरह कुल 74.86 प्रतिशत परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से करीब 450 परीक्षार्थी ऐसे थे जिनकी परीक्षा बस, ट्रेन लेट होने या जाम में फंसने से छूट गई थी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे के बीच हुई। इसमें कुल पंजीकृत 18576 परीक्षार्थियो में से 13986 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4590 गैर हाजिर रहे। दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। इसमें कुल पंजीकृत 18576 परीक्षार्थियों में से 13823 परीक्षा दे सके। 4753 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सघन तलाशी के साथ बायोमीट्रिक जांच की गई। अभ्यर्थियों के कंगन, बालों में लगाई जाने वाली क्लिप, चूड़ी, घड़ी, बेल्ट आदि कक्ष में प्रवेश से पहले ही ले लिए गए। सभी की मेटल डिटेक्टर से तलाशी भी ली गई। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही। कहीं से किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की शिकायत नहीं मिली है। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। रविवार को भी परीक्षा होगी। इसके लिए व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर मंगलसूत्र और कुंडल उतरवाने को लेकर एक महिला अभ्यर्थी व कर्मी में बहस हो गई। परीक्षार्थी बोली- “मंगलसूत्र मेरे सुहाग की निशानी है, उसे नहीं उतारूंगी”। इससे महिला परीक्षार्थी और कर्मियों के बीच तू-तू, मैं-मैं होने लगी। कर्मियों ने कहा कि अगर वह मंगलसूत्र और कुंडल नहीं उतारेंगी, तो परीक्षा नहीं देने दिया जाएगा। 10 मिनट की बहसबाजी के बाद परीक्षार्थी सुनीता देवी मंगलसूत्र और कुंडल उतारने राजी हुई।
परीक्षार्थियों के बैग रखने में दुकानदारों ने की कमाई
शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में बने 37 परीक्षा केंद्रों के आसपास दुकानदारों ने परीक्षार्थियों के बैग रखने में खूब कमाई की। उन्होंने बैग में रखने के लिए परीक्षार्थियों से 50 से लेकर 100 रुपये तक वसूली की।