मुकदमे में अपर आयुक्त की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए संजय गौड़ ने नवीन जैन पर कई पत्र जारी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि नवीन ने बन्नादेवी के भूखंड पर कब्जे से जुड़े मामले में मंडलायुक्त की ओर से पत्र जारी किया।
इसके अलावा एक पत्र हाथरस के डीएम एसपी को भी जारी किया गया। इसमें एसपी अभिसूचना आगरा के पत्र का हवाला देते हुए सासनी तहसील से संबंधित प्रकरण में निर्देशित किया गया है। इस पर मंडलायुक्त के डिजिटल हस्ताक्षर हैं। इसके अलावा एक पत्र पवन कुमार तिवारी एटा के संदर्भ में भी उनके द्वारा जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट में उल्लेख है कि न्याय सहायक ने पद व कार्यालय का दुरुपयोग कर यह फर्जी आदेश पत्र जारी किए हैं। नवीन ने अपना पक्ष रखते हुए कार्यालय में काम के दबाव व जल्दबाजी में भूल होना स्वीकारा है। हालांकि, जांच अधिकारी ने इस तर्क को अस्वीकार कर दिया।
पहले भी दो बार जेल गए नवीन
नगर पालिका अतरौली के लिपिक नवीन जैन का सेवाकाल विवादों में रहा है। अब से पहले भी दो बार वे जेल जा चुके हैं। 2017 में उन पर नगर पालिका में 45 लाख रुपये की पत्रावली के गबन के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद 2021 में बुलंदशहर शिकारपुर में नवीन पर एक मुकदमा रोजगार दिलाने के नाम पर रुपये ऐंठने का दर्ज हुआ। इसमें वे जेल गए। 2021-22 में अतरौली में रोजगार के नाम पर रुपये लेने के मामले में भी वह जेल में गए थे।