साइबर हैकरों ने अब यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्रों को मूल्यांकन में नंबर बढ़वाने के नाम पर रकम ऐंठने का प्रयास शुरू कर दिया है। इस संबंध में हैकरों के स्तर से झारखंड के जामताड़ा से जगह-जगह अभिभावकों पर कॉल पहुंच रही हैं। खुद को मूल्यांकन शिक्षक बताकर रकम मांगी जा रही है। इस तरह की करीब 20 कॉल जिले में आ चुकी हैं। जिनकी शिकायत साइबर थाना पुलिस तक पहुंची है। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के अलर्ट पर साइबर थाना पुलिस ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
इंस्पेक्टर साइबर थाना सुरेंद्र सिंह के अनुसार हाल ही में यूपी बोर्ड का मूल्यांकन कार्य चल रहा था। इसी बीच अभिभावकों के पास साइबर ठगों की कॉल आना शुरू हुईं। ये लोग उन्हें खुद को मूल्यांकन शिक्षक बताकर उनके बच्चे के किसी भी विषय में कम नंबर बताकर नंबर बढ़ाने के नाम पर रुपये मांगते हैं। किसी से पांच हजार तो किसी से 10 हजार रुपये ऑनलाइन मांगे जाते हैं। इस तरह की शिकायतें लगातार आने लगीं तो मामला साइबर सेल के जरिये माध्यमिक शिक्षा परिषद तक पहुंचा। कॉल करने वालों की बोली भाषा व नंबर की जानकारी की गई तो पता चला कि यह जामताड़ा गैंग की हरकत है। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अलर्ट जारी किया है। इंस्पेक्टर के अनुसार अगर किसी के पास कॉल आए तो तत्काल शिकायत दें। यह भी बताया है कि मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।