अलीगढ़ शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध अगले 24 घंटे के लिए बढ़ा दिया है। केबिल सेवा बहाल कर दी गई है तो स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग सेंटरों को शुक्रवार तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में रविवार को एएमयू में हुए बवाल एवं उसके बाद आम जनमानस के आंदोलित होने के मद्देनजर सोमवार से इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी। बुधवार तक लगी रोक की अवधि 24 घंटे और बढ़ा दी गई है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि ऐतिहातन महानगर के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के स्कूल व महाविद्यालयों के साथ कोचिंग सेंटरों को भी शुक्रवार तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। सभी प्रधानाचार्यों, विद्यालय प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, कोचिंग और महाविद्यालय यथावत खुलेंगे।
पंप संचालकों को डीजल रिजर्व रखने के आदेश
नागरिकता संशोधन बिल को लेकर चल रही तनातनी के चलते जिले के पेट्रोल पंप संचालकों को दो हजार लीटर डीजल रिजर्व में रखने के आदेश दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि बोतल में पेट्रोल डीजल देना प्रतिबंधित कर दिया गया है।