सेना के 22 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात सिरसा निवासी करन चौधरी की शादी 24 नवंबर को होनी थी। मंगलवार को उन्हें श्रीनगर से फ्लाइट से दिल्ली आकर घर लौटना था। सोमवार सुबह चार बजे परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि सिर में दो गोली लगने से करन चौधरी की जान चली गई है।
पलक झपकते ही शादी की खुशियां शोक में तब्दील हो गईं। पिता पप्पू सिंह ने कहा कि दिन-तारीख वही है। अब मंगलवार को करन की जगह उसका पार्थिव शरीर गांव लाया जाएगा। यह कहते हुए उनके आंसू निकल पड़े।
जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में बेस पॉइंट लोहलाम (सोगाम) में तैनात करन की मौत की खबर सोमवार सुबह करीब चार बजे परिजनों को मिली। बटालियन के सीओ ने परिजन को फोन पर सूचना दी तो शादी की तैयारियों में जुटे परिवार और गांव में मातम छा गया। परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया।
पिता पप्पू सिंह ने बताया कि अप्रैल माह में वीडियो कॉल के जरिये करन को युवती (कल्पना) दिखाकर पसंद कराई गई थी। 22 नवंबर को गांव में भेंट और 24 नवंबर को अतरौली में शादी समारोह का आयोजन होना था। बेटे ने अवकाश ले लिया था। 16 नवंबर को श्रीनगर से फ्लाइट से दिल्ली और वहां से मंगलवार को ट्रेन के जरिये गांव आना था।
चाचा जितेंद्र चौधरी ने कहा कि शादी लगभग सारी तैयारियां हो चुकी थीं। कार्ड बंट चुके थे। कपड़े, सामान, सजावट का सामान सब कुछ आ चुका था। भतीजे की शादी से एक सप्ताह पहले सारी खुशियां उजड़ गईं। रोते हुए बोले हम करन की शादी की खुशियां लेकर रात सोए थे। अब हम मातम मना रहे हैं।
परिवार को नहीं पता... सिर में कैसे लगी गोली
करन के पिता पप्पू सिंह के अनुसार, बटालियन के सीओ ने फोन पर सिर्फ इतना बताया कि सिर में माथे पर दो गोली लगने से करन की मौत हो गई है। गोली कैसे और किन परिस्थितियों में लगीं। इसका कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। पिता का दावा है कि करन ड्यूटी के दौरान बलिदान हुए हैं। परिवार के लोग ये जानना चाहते हैं कि सिर में गोली कैसे लगी।
दोनों भाई थे सेना में, दूसरी पोस्टिंग थी
करन चौधरी परिवार में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई संजय चौधरी भी सेना में कार्यरत हैं। वह भी घर के लिए निकल चुके हैं। उनकी एक विवाहित बहन मंजू है। करन की मां जयबाला और बहन का रोकर बुरा हाल है। दोनों बहन रोकर बुरा हाल है। परिजन के अनुसार, वर्ष 2020 में करन की सेना में नौकरी लगी थी। रांची (झारखंड) में प्रशिक्षण पूरा करने के दो वर्ष बाद लेह ग्लेशियर और फिर जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोहलाम स्थित बेस पॉइंट पर वह तैनात थे।
पिता से कहा कि चिंता मत करो मैं आ रहा हूं
करन के चाचा जितेंद्र सिंह ने बताया उनके पास 14 नवंबर को उनके पास करन ने कॉल की थी। उसने कहा था कि जो सामान रह गया उसे दिल्ली आर्मी कैंटीन से खरीद लेंगे। उन्होंने मंगलवार को चाचा को दिल्ली आने के लिए कहा था। पिता से कहा शादी के कार्ड अब मैं आकर बंटवा दूंगा। आप चिंता मत करना है। जो काम रह गए हैं मैं आकर करा दूंगा।
बुआ के बेटे से कहा छुट्टी ले लेना घर साथ चलेंगे
शनिवार दोपहर 12 बजे नोएडा में नौकरी करने वाले बुआ के बेटे मनवीर ने करन को फोन किया था। तब करन ने मनवीर से कहा था कि मैं मंगलवार को दिल्ली आ जाऊंगा। तुम भी छुट्टी लेकर दिल्ली आ जाना पहले शॉपिंग करेंगे और फिर साथ में ही घर चलेंगे।
दुकानों पर ही रखे हैं कपड़े और फर्नीचर
करन चौधरी का रिश्ता पालीमुकीमपुर के गांव भाऊपुर निवासी सोनवीर सिंह उर्फ छोटे चौधरी की इकलौती बेटी कल्पना के साथ तय हुआ था। पिता ने सोने के गहने, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर आदि सामान खरीदकर अतरौली और छर्रा की दुकानों पर ही रखवा दिया था। ये सामान वहीं रखे हुए हैं। परिवार के अनुसार, शादी के ज्यादातर कार्ड बंट गए थे। 20 नवंबर को लग्न लिखी जानी थी। 22 नवंबर को सगाई करने के लिए सिरसा जाने की तैयारी थी। 24 नवंबर को अतरौली के छर्रा रोड स्थित एक लॉज में शादी होनी थी। लॉज और हलवाइयों को एडवांस दे दिया गया था लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। कल्पना के ताऊ बहोरन लाल और भाई धीरेश रविवार को भी शादी के कार्ड बांटकर आए थे। क्या पता था कि अगले दिन घर मातम में डूब जाएगा।
शाम सात बजे मंगेतर और उसकी मां से की बात
अतरौली (अलीगढ़)। मंगेतर कल्पना के भाई धीरेश ने बताया कि करन उनके घर पर अक्सर काॅल कर हाल-चाल पूछते थे। वे परिवार के सभी लोगों से बात करते थे। शनिवार को भी शाम सात बजे उन्होंने कॉल की थी। उन्होंने उनकी मां से सभी का हाल-चाल व शादी की तैयारियों के संबंध में पूछा। इसके बाद उन्होंने कुछ देर कल्पना से भी बात की है। उन्होंने कहा कि मेरी ड्यूटी शुरू होने वाली है। मेरा मोबाइल जमा हो जाएगा। सुबह आठ बजे मुझे मोबाइल मिलेगा तब मैं बात करूंगा। मुझे अवकाश मिल गया है। मैंने अपना सामान पैक कर लिया है। मंगलवार को मैं घर लौट आऊंगा। संवाद
करन चौधरी का फाइल फोटो - फोटो : samvad