हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के संचालक राकेश नंदन वार्ष्णेय के घर सहित अन्य ठिकानों पर गुरुवार को आयकर विभाग के छापों के बाद पूरे शहर के बड़े कारोबारी टेंशन में आ गए हैं। अंदरखाने स्कूल संचालक और रियल एस्टेट कारोबारी ज्यादा घबरा गए हैं।
आयकर विभाग से जुड़े जानकार बताते हैं कि नोटबंदी के बाद से मोटा लेन देन, महंगी जमीनों की खरीद फरोख्त, महंगी विदेश यात्राएं, पांच सितारा होटल में पार्टी, क्रे डिट कार्ड से बड़ी खरीदारी करने वाले जांच पड़ताल के दायरे में हैं। बेनामी संपत्तियों को ठिकाने लगाने, कई लोगों का पैसा लेकर जमीनों में मोटा निवेश कर बड़ा मुनाफा आपस में बांटने वाले भी इसी जद में हैं। राकेश नंदन के मामले में भी बेनामी संपत्तियों को लेकर जांच पड़ताल हो रही है। इस छापे की खबर दोपहर बाद पूरे शहर में सोशल मीडिया में चर्चा में आ गई। सभी एक दूसरे से फोन पर जानकारी लेते रहे।
इस दौरान आयकर टीम के सदस्यों ने किसी को कोई जानकारी नहीं दी। आयकर विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार देर रात तक राकेश की संपत्तियों की जांच पड़ताल जारी है। अलीगढ़ से पटना तक और हैदराबाद जब तक उसके सभी ठिकानों पर जांच पूरी नहीं होती तब तक सभी जगह टीम के सदस्य मौजूद रहेंगे। इस दौरान राकेश की पत्नी, उनके छोटे भाई पीयूष नंदन वार्ष्णेय, उनकी पत्नी से भी टीम के सदस्यों ने पूछताछ की है। टीम राकेश के घर से एक बैग में कुछ जरूरी कागजात और अन्य सामान भी ले गई है। गौर हो कि आयकर विभाग ने हाल ही में कर संबंधित सभी जानकारी नहीं देने पर 200 आयकर दाताओं के बैंक खाते फ्रीज करा दिए हैं, जिसमें अलीगढ़ के 75 से अधिक खातेदार शामिल हैं। होली से पहले हाथरस के प्रतिष्ठित नमकीन चाचा चौधरी के प्रतिष्ठानों पर भी वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने एक साथ छापा मार कर करोड़ों रुपये की जीएसटी की चोरी का मामला पकड़ा था। इस प्रकरण के बाद भी कारोबारी परेशान थे इसी दौरान दूसरी छापे की घटना ने टेंशन और बढ़ा दिया है।
छापे का स्कूल से लेना देना नहीं : राकेश नंदन
अलीगढ़। देर रात तक आयकर छापे पूरे होने के बाद राकेश नंदन ने कहा है कि उनकी पटना में अलीगढ़ लॉक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्म है, जिसमें वह डायरेक्टर हैं। इस फर्म के आयकर रिटर्न आदि जमा करने में कुछ गलतफहमी हुई है जिसकी वजह से आयकर टीम ने एक साथ सभी जगह जांच की है। इसका हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल से कोई लेना देना नहीं है। टीम उनको अपने साथ बैंक ले गई थी जहां कुछ दस्तावेज देखे गए। इसके अलावा घर में टीम के सदस्यों ने चल अचल संपत्ति की जानकारी मांगी, जो उनको उपलब्ध कराई गई। जिससे वह संतुष्ट थे। रात में आयकर की कार्रवाई पूरी हो गई है। वह अपने घर पर हैं। उन्होंने टीम को सदैव हर सहयोग करने का भरोसा दिलाया। जिससे टीम संतुष्ट है।
राकेश बोले.. रिश्तेदार आए हैं
पार्क व्यू अपार्टमेंट में जब आयकर विभाग की टीम जांच पड़ताल कर रही थी तो वहीं मीडिया कर्मियों के कैमरे भी चमक रहे थे। इस पर राकेश ने खीझ मिटाते हुए कहा कि रिश्तेदार आए हैं कोई खास बात नहीं है।
सत्ता से नजदीकी और टिकट की दावेदारी
अलीगढ़। राकेश नंदन ने हाल ही में हुए नगर निगम मेयर के चुनाव में भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी लेकिन उनका नंबर नहीं आया। वह सत्ता पक्ष के करीबी लोगों के भी खास हैं। अफसरशाही में भी उनकी पकड़ है।
टीम सुबह साढ़े सात बजे आई और आते ही सभी सिक्योरिटी के मोबाइल बंद करा दिए। कुछ के मोबाइल अपने पास रखवा लिए थे।
जाकिर, पार्क व्यू अपार्टमेंट कर्मी
टीम के साथ आई पुलिस ने राकेश नंदन के फ्लैट में आने से सभी को रोक दिया था, छापा पूरा होने तक किसी को जाने नहीं दिया था।
एहसान, सिक्योरिटी कर्मी पार्क अपार्टमेंट