एएमयू में वृहस्पतिवार को बिजनेस लॉ का पेपर आउट हो गया। बीएएलएलबी की परीक्षा में कॉन्स्टीट्यूशन लॉ के बदले बिजनेस लॉ का पेपर छात्रों को दे दिया गया। इसकी वजह से परीक्षा के दौरान खलबली मच गई। कुछ समय बाद कॉन्स्टीट्यूशन लॉ का पेपर छात्रों को दिया गया।
इंडिया टुडे सर्वे में देश में दूसरा स्थान हासिल करने वाले लॉ फैकल्टी में बड़ी चूक सामने आई है। बृहस्पतिवार को सुबह 9 से 12 बजे के बीच विभाग के कमरा नंबर 4, 5 एवं 6 में कॉन्स्टीट्यूशन लॉ की परीक्षा होनी थी। परीक्षार्थी पेपर देखकर हतप्रद रह गए। दरअसल कॉन्स्टीट्यूशन लॉ के बदले उन्हें बिजनेस लॉ का पेपर दे दिया गया था। इसकी सूचना विश्वविद्यालय के अधिकारियों तक पहुंची। गलती कंट्रोलर आफिस की मानी जा रही है। कुछ मिनट के बाद कॉन्स्टीट्यूशन लॉ का पेपर मंगाकर छात्रों के बीच वितरित किया गया।
लॉ डिपार्टमेंट के चेयरमैन प्रो. जावेद तालिब ने बताया कि चूंकि गलती के कारण बिजनेस लॉ का पेपर आउट हो चुका है, इसलिए प्रश्न पत्र को बदल दिया जाएगा। बिजनेस लॉ की परीक्षा 20 मई को है। उन्होंने कहा कि एएमयू के मल्लापुरम एवं मुर्शिदाबाद केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। इसका प्रभाव वहा नहीं पड़ा है।