शुभ मुहूर्त के चलते रियल एस्टेट बाजार भी चमका है। इस दीपावली के दौरान अलीगढ़ में विभिन्न हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की लगभग 500 यूनिटों में गृह प्रवेश होने जा रहा है, जिससे लगभग 300 करोड़ तक का बड़ा कारोबार होने का अनुमान है। एआईजी स्टांप ब्रजेश कुमार ने बताया कि यह आंकड़ा निबंधन विभाग को स्टांप शुल्क मद से मिलने वाले राजस्व को देखते हुए सामने आया है। 'रेडी टू मूव' (पूरी तरह सुसज्जित) मकानों की मांग सबसे अधिक है, क्योंकि लोग अब निर्माण की झंझट से बचना चाहते हैं।
275 करोड़: इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार में बूम
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में इस बार 175 करोड़ से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है, जो पिछले साल से 20 फीसदी अधिक है। इसका एक प्रमुख कारण जीएसटी में बदलाव है। एसी और एलईडी की टैक्स स्लैब 28 फीसदी से घटकर 18 फीसदी हुई है, जिससे कीमतें कम होने पर ग्राहकों की खरीददारी बढ़ी है। वहीं, बर्तन बाजार में 100 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि लोग अब एल्युमिनियम से दूरी बनाकर सेहत के प्रति जागरूकता के चलते पारंपरिक पीतल और तांबे के बर्तनों की ओर लौट रहे हैं। ट्राइप्लाई स्टील के बर्तन और प्रेशर कुकर भी ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।
25 करोड़: साड़ी, सूट और कपड़ों की मांग
धनतेरस और दिवाली पर कपड़ा, साड़ी, सलवार, सूट, रेडीमेड और किड्स वियर शोरूमों में भी भीड़ हो रही है। कारोबारियों के अनुसार धनतेरस पर जिले में लगभग 25 करोड़ रुपये का कपड़ों का कारोबार होगा। जिसमें सभी तरह के कपड़े शामिल होंगे। कपड़ों की सर्वाधिक खरीदारी बच्चों के लिए हो रही है।