हाथरस से इगलास होते हुए बल्लभगढ़ तक जाने वाली रोडवेज बसों की वापसी इसी मार्ग से नहीं होने से दैनिक यात्रियों को खासी परेशानी हो रही है। इन बसों को वापसी में इसी मार्ग से चलाने की मांग हो रही है। इगलास विधायक राज कुमार सहयोगी को इसका मांग पत्र सौंपा गया है। विधायक ने कहा है कि वह रोडवेज के अधिकारियों से बात कर इसका समाधान कराएंगे।
हाथरस डिपो की तीन बसें रोजाना इगलास होते हुए बल्लभगढ़ तक जाती हैं। पहली बस सुबह 6:30 बजे, दूसरी 7:00 बजे व तीसरी 7:30 बजे जाती है। इन बसों से कस्बा व देहात क्षेत्र के नौकरी करने वाले लोग बल्लभगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद व नोएडा तक आते जाते हैं। कारोबारी भी इन बसों से आते-जाते हैं। पूर्व में इन बसों की शाम के समय वापसी इगलास होकर ही होती रही है। पिछले कुछ समय से यह बसें बल्लभगढ़ से अलीगढ़ होते हुए हाथरस को वापस होती हैं। जिससे वापसी में इगलास आने वालों को इन बसों की सेवाएं नहीं मिल पाती हैं। इस व्यवस्था से दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक यात्रियों की मांग है कि इन बसों का परिचालन पूर्व की भांति होना चाहिए, जिससे उनको पूर्ववत नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली व बल्लभगढ़ तक आने-जाने की सुविधा मिलती रहे। इससे परिवहन निगम को भी लाभ होगा।