फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh Accident: सड़क सहारे खाई में पलटी बरातियों से भरी बस, 22 घायल, मची चीख-पुकार

Fri, 01 May 2026 05:16 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

पुलिस की पूछताछ में बरातियों ने चालक पर तेज गति से बस चलाने और हादसा होते ही भागने का आरोप लगाया। पुलिस के अनुसार बस के परिचालक सहित दो को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
सड़क की पटरी से नीचे खाई में गिरी हुई बस - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इगलास कस्बे से बरातियों को लेकर मथुरा लौट रही बस 30 अप्रैल की आधी रात के समय अलीगढ़-इगलास के बीच गांव मुहरौनी के पास सड़क किनारे खाई में पलट गई। रात करीब डेढ़ बजे ट्रॉला से बचने की कोशिश में हुए हादसे में 22 बराती घायल हो गए। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। हादसा होते ही बस का चालक भाग निकला। पुलिस ने बस परिचालक व एक अन्य को मौके से पकड़ने के साथ लापरवाही बरतने के आरोप में शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की है।

विज्ञापन


मथुरा के शेरगढ़ क्षेत्र के गांव जटवारी से इगलास के वाल्मीकि मोहल्ला में देवेंद्र की बेटी की बरात आई थी। बरात चढ़त व दावत खाने के बाद करीब 40 बरातियों को लेकर बस लौट रही थी। दो बरातियों को अलीगढ़ में जाना था, इसलिए सहमति बनी कि दोनों को अलीगढ़ में उतारने के बाद खैर होकर बस शेरगढ़ जाएगी। रात करीब डेढ़ बजे बस गांव मुहरौनी के पास पहुंची, तभी सामने से एक ट्रॉला आया। उससे बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। बरातियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
विज्ञापन


सूचना पर कोतवाली इगलास पुलिस सहित पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार यादव पहुंच गए। पुलिस ने बस में फंसे बरातियों को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 16 बरातियों को छुट्टी दे दी गई। छह बरातियों क्रमश: विक्रम, राजेश, सत्यवीर, मुकेश धर्मपाल व एक अन्य को मलखान सिंह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पर उपचार के बाद इनको भी छुट्टी दे दी गई। 

पुलिस की पूछताछ में बरातियों ने चालक पर तेज गति से बस चलाने और हादसा होते ही भागने का आरोप लगाया। पुलिस के अनुसार बस के परिचालक सहित दो को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है। चर्चा है कि बस का चालक रास्ता भटक गया था।

विज्ञापन

हादसे में ये हुए घायल
मथुरा के गांव जिखन के कृष्ण, गांव जटवारी निवासी नज्जो, होरीलाल, वीरेंद्र, गांव रनवारी के जगत, विक्रम, राजेश, सतवीर, मुकेश, अभिषेक, योगेंद्र, रिंकू, मिथुन घायल हुए हैं। इधर, धर्मपाल, गंगाधर, गोविंद, सुरेश, बाबू, विजेंद्र, अनिल, आदी, कपिल, मनीष, बुलंदशहर के गांव खेशपुर के नितिन, नोएडा के रिंकू, पंजाब के चन्नो, शिवा, फरीदाबाद के अजय व सचिन भी घायल हुए हैं। अन्य बरातियों के मामूली चोट आई है।
रात में हुए हादसे की खबर पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं हादसा होते ही बस चालक भाग निकला। पुलिस ने परिचालक अजीत व भरत निवासीगण हुसैनी थाना शेरगढ़ के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की है।-प्रवीन कुमार, एसपी यातायात

खबर पाते ही पहुंचे परिजन
हादसे की खबर मिलते ही वर-वधू पक्ष के लोगों सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। वहां से घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद मथुरा भिजवाने की व्यवस्था की गई। उधर, इगलास में शादी की रस्में भी जल्दबाजी में निपटाई गईं। हादसे से शादी की खुशियां फीकी हो गईं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें