झूलती एचटी लाइन की वजह से शुक्रवार की सुबह भोजपुर के समीप एक बस क्लीनर करंट की चपेट में आ गया। इससे क्लीनर की मौत हो गई। यह बस शादी समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को लेकर मथुरा जा रही थी। चालक ने लघुशंका के लिए गाड़ी सड़क किनारे रोकी थी, तभी ऊपर से निकली एचटी लाइन बस में छू गई थी।
शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे गंजडुडवारा से मथुरा जा रही बस सड़क किनारे रुकी थी। तभी बस में एचटी लाइन का तार छूने से करंट प्रवाहित हो उठा। बस रुकते ही एक महिला नीचे उतरी। उसके पीछे से क्लीनर गणेश का पैर बस के नीचे जमीन पर छुआ तो वह करंट की चपेट में आ गए। गणेश की हालत देख महिला चीखते हुए पीछे हट गई। आनन फानन में बस को हटाया गया। लोगों ने क्लीनर के पैरों की मालिश की लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। चालक गणेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस के अनुसार तहरीर नहीं मिली है।