रेलवे ने एक नवंबर से रेलवे टिकट की एडवांस बुकिंग को लेकर नया नियम लागू कर दिया है। अब यात्री 60 दिन पहले तक ही ट्रेन टिकट की बुकिंग कर सकेंगे। अभी तक 120 दिन पहले तक रिजर्वेशन कराने की सुविधा मिलती थी।
विज्ञापन
हालांकि, रेलवे ने साफ किया है कि नया नियम पहले से बुक किए गए टिकटों पर लागू नहीं होगा। जिन टिकटों की बुकिंग 31 अक्तूबर 2024 तक 120 दिनों के एडवांस रिजर्वेशन के तहत की गई हैं, वे मान्य रहेंगी। नई आरक्षण अवधि के तहत 60 दिनों से ज्यादा की बुकिंग पर निरस्तीकरण की सुविधा मिलेगी। इसमें गोमती एक्सप्रेस जैसी कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिनमें पहले से ही कम समय की आरक्षण अवधि लागू है। विदेशी पर्यटकों के लिए 365 दिनों की सीमा में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि टिकटों की ज्यादा कैंसिलेशन और सीटों की बर्बादी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। 120 दिन का एडवांस रिजर्वेशन का समय बहुत लंबा हो जाता था। रिजर्वेशन समय-सीमा में कटौती से रेलवे को सबसे ज्यादा सुविधा विशेष ट्रेनों को चलाने की योजना बनाने में होगी।