बिहार जाने वाली ट्रेनों में छठ पूजा को लेकर यात्रियों की खासी भीड़ है। अगले एक-दो दिन में छठ पूजा को लेकर घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
दिवाली के बाद अब गोवर्धन पूजा और भाई दूज की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा व 3 नवंबर को भाई दूज होने से लोगों का सफर करना जारी है। बीते चार पांच दिनों की तुलना में ट्रेनों और बसों में शुक्रवार को भीड़ कम रही, लेकिन सीटों की मारामारी जारी है। शनिवार से भीड़ और बढ़ जाएगी।
विज्ञापन
भाई दूज को लेकर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों तो भाई अपनी बहनों के घर जाएंगे। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि 2 नवंबर से बसों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। रोडवेज ने यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक अलीगढ़ परिक्षेत्र की बसों ने करीब डेढ़ लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने का काम किया है। अभी सोमवार तक बसों का पर्याप्त संचालन होगा।
इधर, बिहार जाने वाली ट्रेनों में छठ पूजा को लेकर यात्रियों की खासी भीड़ है। अगले एक-दो दिन में छठ पूजा को लेकर घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। रेलवे के स्तर से दिल्ली से बिहार के रूट पर त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।