भमोरी खुर्द में घटनास्थल पर ग्रामीणों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी। स्रोत : ग्रामीण
- फोटो : samvad
गांव भमोरी खुर्द में चार दिन से लापता युवक का शव बृहस्पतिवार की दोपहर पेड़ पर फंदे के सहारे लटका हुआ मिलने पर गांव में खलबली मच गई। बुधवार को भाई ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गांव भमोरी खुर्द निवासी रोहित यादव ने बताया कि उसका भाई पंकज यादव (18) पुत्र मुकुट सिंह सोमवार की दोपहर को कस्बा दादों जाने की कहकर घर से निकला था। देर शाम तक जब घर वापस नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। काफी तलाशने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को परिवार के सदस्यों ने गुमशुदगी दर्ज कराई।
बृहस्पतिवार की दोपहर परिवार की एक महिला खेत की ओर गई थी। इसी दौरान उसकी नजर एक पेड़ पर लटके पंकज के शव पर पड़ी। शव देखते ही महिला के होश उड़ गए। मौके पर पहुंचे पिता मुकुट सिंह ने शव को पेड़ से नीचे उतार कर पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों ने बताया कि शव से दुर्गंध आ रही थी। पेड़ के आसपास खेत में बाजरा की खड़ी फसल होने के कारण किसी की नजर शव पर नहीं पड़ सकी। पंकज चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतक का अपने भाई से विवाद हो गया था लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के सदस्यों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है, अभी तहरीर भी प्राप्त नहीं हुई है।