हाईवे पर झाडियों में पडे शव को देखती पुलिस। संवाद
- फोटो : samvad
जीटी रोड बाईपास स्थित राजा के बाग के पास झाड़ियों में शुक्रवार शाम युवक का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और शव के पास खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक की बाइक लोधा थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे लावारिस हालत में मिलने से घटना और भी रहस्यमय हो गई है।
शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे हाईवे किनारे राजा के बाग के पास घास काटने गई महिलाओं की नजर झाड़ियों के बीच पड़े शव पर पड़ी। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान युवक की जेब से मिले आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान खैर थाना क्षेत्र के गांव बिरौला बमानी निवासी सुंदर सिंह (28) पुत्र रामबाबू के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि सुंदर सिंह दिल्ली के छड़ेला गांव में चाउमीन का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह 21 जून को गांव आया था। अगले दिन गोंडा के गांव सुबकरा में अपनी बहन आरती की ननद के विवाह में शामिल होने चला गया। अगले दिन परिवार की ओर से गांव में कराए गए भंडारे में शामिल होने के बाद बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे बाइक से दिल्ली के लिए घर से निकला था।
परिजनों ने बताया कि घर से निकलने के कुछ समय बाद सुंदर ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसकी बाइक गौमत चौराहे पर खड़ी है और उन्हें वहां बुलाया। पिता तत्काल वहां नहीं पहुंचे। कुछ देर बाद सुंदर के मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बहन को फोन कर बताया कि सुंदर गौमत चौराहे पर पड़े हैं। बहन ने उससे अनुरोध किया कि वह सुंदर को खैर मंडी तक छोड़ दें। इसके कुछ ही मिनट बाद सुंदर ने स्वयं बहन को फोन कर घबराए हुए स्वर में बताया कि कुछ लोग उसको जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे हैं। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया और दोबारा संपर्क नहीं हो सका।
इधर, शुक्रवार सुबह लोधा थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि हाईवे किनारे बाइक लावारिस अवस्था में खड़ी मिली है। परिजन थाने पहुंचकर बाइक अपने साथ ले आए, लेकिन सुंदर का कोई पता नहीं चल सका। दिनभर तलाश के बाद देर शाम गभाना क्षेत्र में मिले शव की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां शव की पहचान सुंदर सिंह के रूप में हुई। मृतक तीन भाइयों में बड़े थे। पत्नी रजनी पिछले करीब एक वर्ष से दो वर्षीय बेटी हर्षिता के साथ मथुरा के मांट थाना क्षेत्र के गांव हरिदयाल नगला में अपने मायके में रह रही है। सीओ गभाना महेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।