फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख के लिए घमासान आज से...सियासी बिसात बिछना तेज

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

अलीगढ़। पंचायत चुनाव के क्रम में जिला पंचायत के बाद क्षेत्र पंचायत प्रमुख यानी ब्लाक प्रमुख का चुनावी घमासान आज बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रहा है। सभी ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होगी और 10 जुलाई को मतदान होगा। हालांकि इसके लिए प्रबल दावेदारों ने पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली हैं। मगर अब इस चुनाव में सियासी बिसात बिछना भी शुरू हो गया है। कौन किस सियासी दल से लड़ेगा और किसे किस दल का समर्थन मिलेगा। इस सब पर सियासी खेमों में मंथन शुरू हो गया है। हालांकि भाजपा ने जिले के 12 ब्लाकों में से 11 के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मगर मुख्य विपक्षी सपा, बसपा व कांग्रेस में प्रत्याशियों को लेकर मंथन चल रहा है। वहीं रालोद ने चुनाव लड़ने से ही हाथ खींच लिए हैं।
अप्रैल माह में ग्राम प्रधान के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव होने के बाद से ही प्रमुख पद के दावेदार सक्रिय हो गए थे। सभी ने अपने-अपने तरीके से वोटर के रूप में सदस्यों को अपने पक्ष में रिझाना शुरू कर दिया। कुछ ब्लाकों में सदस्यों के प्रमाणपत्र अपने पास रख लिए गए तो कुछ ब्लाकों में एक माह पहले से सदस्यों को टूर पर एकत्रित कर भेजा गया है, जो अब मतदान के दिन ही वापस लौटेंगे। 12 ब्लाकों में से कई ऐसे भी हैं, जिनमें अभी तक एक ही दावेदार दिखाई दे रहा है। हालांकि तस्वीर बृहस्पतिवार को नामांकन और फिर अगले दिन नाम वापसी के बाद ही साफ होगी। मगर सियासी दलों ने मजबूत दावेदारों पर ही दांव खेलना शुरू कर दिया है। कुछ ऐसे हैं जो पार्टीगत हैं, उन्हें समर्थन दिया जा रहा है। या कुछ ऐसे भी हैं जो दूसरे दलों से जुड़े हैं। मगर मजबूत दावेदार होने के कारण उन्हें समर्थन दिया जा रहा है।
विज्ञापन

प्रत्याशी घोषणा में भाजपा सबसे अव्वल
ब्लाक प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी घोषणा में भाजपा सबसे अव्वल है। भाजपा ने खैर को छोड़कर अन्य 11 ब्लॉकों के प्रमुख पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसमें टप्पल में निवर्तमान प्रमुख बीना देवी को फिर प्रत्याशी बनाया है और अतरौली ब्लॉक के निवर्तमान प्रमुख केहरी सिंह की पत्नी राजेश्वरी देवी को इस बार प्रत्याशी बनाया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने बुधवार को ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशियों की सूची जारी की। युवा नेता ठा. राहुल सिंह को अकराबाद, भाजपा नेता अरुण फौजी की रिश्तेदार भगवान देवी को इगलास, नए चेहरे राकेश यादव को गंगीरी, दिग्गज ठेकेदार नरेंद्र चौधरी को गोंडा, बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह की रिश्तेदार सीमा सिंह पत्नी रेशमपाल सिंह को चंडौस, बरौली विधायक के करीबी हरेंद्र सिंह को जवां, निवर्तमान ब्लाक प्रमुख बीना सिंह पत्नी ऋषिपाल को टप्पल, नए चेहरे पूजा दिवाकर को धनीपुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश चंद्र यादव को बिजौली, बरौली विधायक की करीबी गुुंजन देवी पत्नी हरेंद्र सिंह को लोधा से प्रत्याशी बनाया गया है।
सपा, बसपा व कांग्रेस में प्रत्याशियों को लेकर मंथन
सुबह तक प्रत्याशी घोषित किए जाने का दावा कर रहे अन्य विपक्षी
अलीगढ़। ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन के एक दिन पहले तक सपा, बसपा व कांग्रेस की ओर से कोई दावेदार घोषित नहीं किया गया है। हालांकि सियासी खेमों में चर्चा है कि मजबूत सभी दावेदार भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। वे लोग भी खुद भाजपा से ही समर्थन के लिए प्रयासरत थे। ऐसे में अब अन्य दलों में प्रत्याशी तलाशे जाने या घोषित किए जाने पर मंथन चल रहा है। खबर ये भी है कि एक-दो ब्लाकों पर ही विपक्षियों को दावेदार मिल रहे हैं।
विज्ञापन

- पार्टी में प्रत्याशियों के नाम पर विचार चल रहा है। कुछ लोग उनके संपर्क में हैं। बृहस्पतिवार सुबह तक तस्वीर साफ होगी।
- गिरीश यादव, जिलाध्यक्ष सपा
-
- ब्लाक प्रमुख पद के कुछ दावेदार हमारे संपर्क में हैं। उन पर पार्टी स्तर से विमर्श किया जा रहा है। देर रात तक या सुबह तक घोषणा होगी।
- रतनदीप सिंह, जिलाध्यक्ष बसपा
-
- हर ब्लाक में हमारे पास 4 या 5 सदस्य हैं। हम किसी को समर्थन देंगे नहीं, बल्कि हम समर्थन लेंगे। नामांकन के लिए विचार-विमर्श की प्रक्रिया चल रही है।
- संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
रालोद ने इस चुनाव से खींच हाथ
रालोद जिलाध्यक्ष कालीचरण सिंह ने कहा है कि यह चुनाव धन व बाहु बल का है। हमारे पास न धन है और न बाहु बल है। हाल के जिला पंचायत चुनाव का हाल सभी ने देखा है। जिसे धन व बाहु बल के दम पर जीता गया है। ऐसे में हमारी पार्टी इस चुनाव में न लड़ने जा रही है और न किसी को समर्थन देने जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें