धनीपुर मंडी इलाके में शुक्रवार सुबह-सुबह एक टायर पंचर जोड़ने की दुकान पर रखा कंप्रेशर तेज धमाके के साथ फट गया। इस धमाके में दुकानदार सहित दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा एक बच्चा जख्मी हो गया। थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई दुर्घटना पर पुलिस दौड़कर पहुंच गई। घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया।
गांधीपार्क थाने से कुछ दूरी पर धनीपुर मंडी के सामने धनीपुर निवासी हरेंद्रपाल (42) टायर पंचर जोड़ने का काम करता था। सुबह-सुबह दुकान खोलने के बाद वह कंप्रेशर में हवा भर रहा था। हवा का दबाव अधिक हो जाने के कारण तेज धमाके से कंप्रेशर फट गया। इसकी चपेट में आने से हरेंद्र ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहां से गुजर रहा कुलदीप (17) पुत्र क्षत्रपाल निवासी केशव विहार और पास के ही चाय विक्रेता रमेश का बेटा लोकेश (8) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद कुलदीप को भी मृत घोषित कर दिया गया। इस सूचना पर रोती बिलखती हरेंद्र की पत्नी विमलेश भी मौके पर पहुंची। बताया गया है कि हरेंद्र अपने पीछे तीन बेटे व दो बेटियां छोड़कर गया है, जबकि कुलदीप दसवीं का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था।