खैर में अलीगढ़ पलवल मार्ग स्थित पेटी डीलर की दुकान में बड़ा हादसा हो गया। दुकान में रखा केमिकल का ड्रम अचानक धमाके के साथ फट गया। जिसमें दुकान के एक कर्मचारी की मौत हो गई वहीं वहां पास ही बैठे तीन लोग घायल हो गए। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। वे कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा तोड़फोड़ करने लगे। सूचना पर एसपीआरए, सीओ, एसडीएम तथा कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित परिजनों को किसी तरह समझाबुझाकर शव उठवाकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया।
बता दें कि खैर में चेयरमैन पंकज पवार के चचेरे भाई हंसराज के नाम पेटी डीलर का लाइसेंस है। उनकी दुकान सोसाइटी के सामने स्थित है। उक्त दुकान पर नयेला निवासी खिल्लू पुत्र खेमचंद्र गौतम लगभग पंद्रह वर्षों से कार्य कर रहा है। मंगलवार की सुबह रोजाना की भांति उसने दुकान खोली थी। वह दुकान में रखे केमिकल के खाली ड्रम को बाहर निकाल उसकी सफाई कर रहा था। तभी वहां से कोई बीड़ी पीता हुआ निकला।
अचानक उसकी चिंगारी से ड्राम तेज आवाज के साथ फट गया। जिससे खिल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं निकट बैठे मेहल्ला शिकरवार निवासी योगेश पुत्र नानक, अशोक पुत्र परम, बलजीत पुत्र विष्णु घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी से अलीगढ़ रेफर किया गया है। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने एक ट्रक का शीशा फोड़ दिया तथा चेयरमैन के समर्थक रामू के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने उसे किसी तरह बचाकर निकाला।
बाद में एसडीएम विमल कुमार ने दुकान को सील कर दिया तथा कार्रवाई व मदद का भरोसा दिलाया, जिस पर लोग शांत हो गए। मामले में मृतक के भाई महेंद्र गौतम ने हंसराज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीएम विमल अग्रवाल का कहना है कि घटना क्यों हुई इसकी जांच कराई जाएगी। पीड़ित परिवार को पंाच लाख की सहायता शीघ्र दिलवाई जाएगी। चेयरमैन पंकज पवार का कहना है कि मृतक खिल्लू उनके यहां कर्मचारी नहीं बल्कि बड़े भाई की तरह कार्य कर रहे थे। दुख की घड़ी में वे पूरे परिवार सहित उनके परिजनों के साथ है तथा हर संभव मदद को तैयार हैं।