फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धमाके के साथ फटा पेट्रोल पंप का टैंक, 15 घायल

Thu, 07 Jan 2016 02:03 AM IST
अलीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
महानगर के अतिव्यस्त रामघाट रोड इलाके में एसएमबी इंटर कॉलेज के सामने स्थित नौरंगराय जैन पेट्रोल पंप का टैंक बैल्डिंग करते समय बुधवार शाम तेज धमाके के साथ फट गया। आग की लपटों के साथ हुआ धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास का इलाका दहल उठा और बिल्डिंगें भी हिल गईं। धमाके के बाद इलाके में भगदड़ मच गई और मारे दहशत के लोग इधर-उधर भाग छूटे। 
विज्ञापन

धमाके में पंप स्वामी, स्टाफ, ग्राहकों सहित करीब 15 लोग जख्मी हो गए। खबर पर पुलिस व फायर सर्विस स्टाफ दौड़ा चला आया। इस धमाके की वजह लापरवाही से बैल्डिंग होना माना जा रहा है। पुलिस ने इलाज के बाद जख्मी बैल्डर को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में हलका चौकी इंचार्ज उमेश बाबू यादव ने बैल्डर के बयानों के आधार पर पंप  स्वामी वेदप्रकाश जैन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
महानगर के प्रमुख पेट्रोलियम कारोबारी वेदप्रकाश जैन के इस पंप पर बुधवार शाम करीब 6.05 बजे आगरा से आया बैल्डर शकील निवासी सदर आगरा अपने हैल्पर आबिद निवासी टूंडला के साथ पंप पर मरम्मत के काम कर रहा था। पहले उसने लोहे की सीढ़ी, रैलिंग आदि पर बैल्डिंग की। इसके बाद एक पेट्रोल टैंक के ढक्कन पर भी उसने दो टांके लगाए। इसी दौरान बैल्डिंग की चिंगारी पेट्रोल टैंक में पहुंच गई। मगर यह अंदेशा शकील को नहीं हो पाया। शकील यह टांके लगाकर हटा ही था कि गरमी से टैंक के अंदर गैस बन गई और एकाएक तेज धमाके के साथ पंप के नीचे बना टैंक फट गया। 
विज्ञापन

उसके सभी ढक्कनों से आग की लपटें तेज धमाके के साथ उठीं और पंप पर लगी कई पेट्रोल पंप मशीन, जरूरी उपकरणों, पीवीसी व टिनशेड तक को उखाड़ती और क्षतिग्रस्त करती हुई चली गईं। इस दौरान पंप पर ग्राहकों को पेट्रोल दे रहे सेल्समैन अन्य स्टाफ, कई ग्राहक और पंप पर मौजूद पंप स्वामी खुद वेद प्रकाश जैन जख्मी हो गए। अचानक यहां धमाके से आसपास की बिल्डिंगों से लोग मारे दहशत के बाहर आ गए।
 रोड पर भी भगदड़ मच गई। खबर पर एडीएम सिटी, एसपी सिटी, एसओ क्वार्सी, मुख्य अग्रिशमन अधिकारी रामरज यादव कई दमकलों के साथ मौके पर पहुंच गए। घायलों को पास के नर्सिंग होम व दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद पुलिस शकील को अपने साथ थाने ले गई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उधर, जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक विवेक बंसल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें