फोटो मॉर्फिंग व फोन कॉल के जरिये युवती को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। युवती को लगातार धमकियां मिल रही थीं। जब यह सिलसिला नहीं थमा तो पीड़िता ने कोतवाली सदर में शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से शिकायत करते हुए युवती ने बताया कि उसकी फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई है। इस पर उसके फोटो अपलोड कर दिए गए हैं। यही नहीं आईडी बनाने वाला युवक उसके फोटो को अपने साथ मॉर्फ कर पोस्ट व स्टोरी डाल रहा है। उसने इस आईडी में उसके दोस्त व रिश्तेदारों को भी जोड़ लिया है।
युवती का आरोप है कि अब आरोपी उसे फोन कर धमकी दे रहा है। लगातार मेसेज कर रहा है। घटना की जानकारी युवती ने परिजनों को दी। परिजनों ने भी युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। परिजन सोमवर को कोतवाली सदर पहुंचे और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया। एसएचओ सतेंद्र राघव ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।