कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों को अब रेमडेसिविर इंजेक्शन निर्धारित प्रारूप पर सूचना देने के बाद ही उपलब्ध होगा। सूचना का सीएमओ कार्यालय से सत्यापन भी होगा। इधर, फेबीफ्लू टैबलेट को लेकर किल्लत के बीच नोडल अधिकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने वादा किया कि वह दो दिन में अलीगढ़ को इस दवा को उपलब्ध करा देंगे। शासन से लगातार वार्ता जारी है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने एसीएमओ डॉ. अनुपम भास्कर, औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी, ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह टिल्लू सहित थोक दवा विक्त्रस्ेताओं के साथ बैठक सोमवार शाम को बैठक की। इसमें उन्होंने बताया कि पैरासिटामॉल, आइवरमैक्टिन, विटामिन सी, बी कांप्लेक्स आदि की भरपूर मात्रा जिले में उपलब्ध है। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। फेबीफ्लू टैबलेट अलीगढ़ में अगले दो दिन में आ जाएगी। इसका सरकारी नियंत्रण से वितरण किया जाएगा। रेमडेसिविर इंजेक्शन की 200 डोज अलीगढ़ को मिल जाएंगी।
मरीजों को मोबाइल नंबर, वाइटल्स का विवरण, पिछले 4 दिन की बुखार की स्थिति, ऑक्सीजन लेवल, गंभीर बीमारी का विवरण, डॉक्टर का लिखित पर्चा, कोविड-19 रिपोर्ट, आधार कार्ड सीएमओ कार्यालय में जमा कराएंगे। इसका परीक्षण कर उक्त व्यक्ति को निर्धारित थोक दर पर इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। कोई भी अस्पताल, मेडिकल स्टोर इसकी अवैध बिक्री करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभी सरकारी अस्पताल जेएनएमसी में 30, दीनदयाल चिकित्सालय में 30 रेडमेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध हैं। रेमडेसिविर इंजेक्शन की जो खेप शासन से अलीगढ़ को मिलेगी, उसका वितरण अलीगढ़ में ही किया जाएगा। इसका पूरा विवरण कंट्रोल रूम में रखा जाएगा जिससे की वहां पर सत्यापन हो सके।