भाकियू टिकैत गुट ने रामपुर शाहपुर निवासी किसान रिहान के भाई आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में 20 अगस्त को चंडौस कोतवाल के खिलाफ धरना-प्रर्दशन करने का एलान किया है। सहकारी समिति के सचिव की तहरीर पर आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
संगठन के गभाना तहसील अध्यक्ष वीरकरन फौजी ने बताया कि 14 अगस्त को बैठक कर धरना-प्रर्दशन की रूपरेखा तय की गई है। उन्होंने कहा कि लड़ाई सचिव से नहीं, बल्कि चंडौस कोतवाल से है। चंडौस कोतवाल ने क्रॉस केस बनाने के चक्कर में सचिव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि 2 अगस्त को गांव रामपुर शाहपुर के किसान रिहान का खाद को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद रिहान ने सहकारी समिति के सचिव रॉबी कटारा के खिलाफ चंडौस कोतवाली में तहरीर दी थी। कोतवाली में धरना प्रर्दशन के बाद पुलिस ने सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोप है कि इसके बाद रिहान के भाई आमिर ने फोन पर सचिव को जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर सचिव ने तहरीर दी तो पुलिस ने रिहान के भाई आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
देहात क्षेत्र में 9 अक्टूबर तक धारा 163 लागू है। इसलिए चंडौस में बिना अनुमति के कोई भी संगठन या उसके कार्यकर्ता किसी प्रकार का धरना प्रदर्शन नहीं कर सकते है। अगर किसी ने कानून तोड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। -संजीव तोमर, सीओ गभाना।