टप्पल में यीडा की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को लेकर भाकियू टिकैत और प्राधिकरण आमने-सामने हैं। किसानों ने अधिकारियों पर अभद्रता और धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को भाकियू के राष्ट्रीय सचिव सुंदर सिंह बाल्यान दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ टप्पल थाने पहुंचे और तहरीर दी। आरोप है कि 24 सितंबर को यीडा की टीम पुलिस बल और जेसीबी के साथ बिजलीघर के पीछे पहुंची और गरीब परिवारों के मकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी। विरोध करने पर अधिकारियों पर गाली-गलौज, झूठे मुकदमों में फंसाने और अन्य मकान ढहाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। वहीं, यीडा ने कार्रवाई को अधिसूचित क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण हटाने की नियमित कार्रवाई बताया। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।