अकराबाद में टोल प्लाजा पर हंगामा के दौरान मौजूद भाकियू ने लोग व पुलिस
- फोटो : samvad
जीटी रोड स्थित कीरतपुर टोल प्लाजा पर बुधवार रात भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के पदाधिकारियों ने टोल मैनेजर से विवाद के बाद हंगामा कर दिया। संगठन के लोगों ने टोल के बूम (बैरियर) हटा दिए। इससे करीब आधे घंटे तक वाहन बिना टोल टैक्स दिए निकलते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
हाथरस के भाकियू भानु गुट के जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर ने पुलिस को बताया कि संगठन के एक पदाधिकारी की कार को टोल से पास कराने के लिए उन्होंने टोल मैनेजर को मैसेज भेजा था। आरोप है कि मैनेजर ने कार को पास नहीं कराया और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। इसी को लेकर रात करीब 11 बजे वह संगठन के लोगों के साथ मैनेजर से बात करने टोल पर पहुंचे। आरोप है कि उन्हें देखकर मैनेजर वहां से चला गया।
घटना की जानकारी पर थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने टोल मैनेजर हरगोविंद से फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली। मैनेजर ने किसी को गाली देने से इन्कार किया। पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं को समझाकर टोल से हटाया और दोनों पक्षों को सुबह थाने आने के लिए कहा। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों से आमने-सामने बात कराई जाएगी। जांच में जिसकी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।