पेट्रोल पंप पर हो रही गड़बडी रोकने के लिएज्ञापन देते लोग।
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा नेताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट में एडीएम सिटी एसबी सिंह से मिल कर पेट्रोल पंपों की चेकिंग कराने की मांग उठाई है। भाजपा सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र वार्ष्णेय ने बताया कि 30 अप्रैल की सुबह उनके बेटे ने छर्रा अड्डा स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया।
180 रुपये का 2.55 लीटर पेट्रोल पड़ना चाहिए था, लेकिन 1.50 लीटर पेट्रोल भी पूरा नहीं डाला गया। बेटे ने सेल्समैन से शिकायत की तो उसको टरका दिया। बाद में वह खुद पहुंचे तो वहां लिखे एक नंबर पर फोन से बात हुई। बात करने वाले ने पंप मालिक से कुछ कहा तो फिर एक लीटर पेट्रोल गाड़ी में डाला गया।
अगर पेट्रोल चोरी नहीं की गई थी तो फिर उन्होंने एक लीटर पेट्रोल क्यों डाला..? भूपेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत सीएम योगी आदित्य नाथ, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी भेजी दी है। एडीएम सिटी ने इस मामले में जिला आपूर्ति अधिकारी नीरज सिंह को कार्रवाई करने को निर्देशित किया है। इस दौरान सिविल लाइंस मंडल के महामंत्री दीपक अग्रवाल, योगेश लोधी सहित अन्य भाजपाई मौजूद रहे।
सुधीर फिलिंग और उमा ऑटो मोबाइल की जांच
जिला आपूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि अब तक जिले में 12 पेट्रोल पंप चेक किए गए हैं। जिसमें गोंडा सहित एक अन्य पंप पर घटतौली मिली है इन पर कार्रवाई हो रही है। वहीं सोमवार को शहर में अचानक छापा मार सुधीर फिलिंग स्टेशन और उमा ऑटोमोबाइल्स पर पंप की जांच पड़ताल की गई लेकिन कोई अनियमितता नहीं मिली है। शहर में अचानक छापा मार क र पंप की जांच होती रहेगी। भाजपा नेता के बेटे को कम पेट्रोल देने के प्रकरण में भी जांच होगी।