थाना देहली गेट क्षेत्र के पत्थर बाजार मार्केट में ई रिक्शा सवार हमलावरों ने भाजपा नेता के भाई व लुब्रिकेंट ऑयल व्यापारी और उसके कर्मचारी को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल कर्मचारी का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। घटना के संबंध में तहरीर दे दी गई है।
अशोक नगर के रहने वाले शिवम गोयल पुत्र ललित गोयल भारतीय जनता पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल के चचेरे भाई हैं। शिवम गोयल की बाराद्वारी पर लुब्रिकेंट ऑयल की दुकान है। मंगलवार की शाम को वह अपने कर्मचारी मखदूम नगर के रहने वाले कासिम पुत्र तौसीफ के साथ बाइक पर तगादा करके वापस दुकान पर जा रहे थे। पत्थर बाजार में पूर्व सभासद अनिल जैन की दुकान के सामने पहुंचे तो ई-रिक्शा मैं बैठे हुए दो व्यक्तियों ने शिवम गोयल की बाइक को रुकवा लिया। थोड़ी देर बातचीत के बाद दोनों व्यक्तियों ने शिवम गोयल और उनके कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। मारपीट करने के बाद हमलावर फरार हो गए।
शिवम गोयल और कर्मचारी ने उस ई रिक्शा चालक को पकड़ लिया जिसमें बैठकर हमलावर आए थे। दोनों ने ई-रिक्शा चालक से पूछा कि यह कौन लोग थे? और कहां से आए थे? इस पर रिक्शा चालक भड़क गया। इसके बाद फिर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। ई-रिक्शा चालक को पिटता हुआ देख पत्थर बाजार में काम कर रहे कुछ प्लंबर चालक के समर्थन में आ गए। उन्होंने शिवम गोयल और उनके कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। घटनास्थल पर भाजपा नेता संजय गोयल, पूर्व प्रदेश मंत्री राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ, यश गोयल आदि पहुंच गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई, जिसके बाद भीड़ को हटाया गया। शिवम गोयल का कर्मचारी कासिम घायल हो गया। उसको मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दे दी है। थाना दिल्ली गेट के प्रभारी इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह ने बताया पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।