फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिंचाई अफसरों पर फूटा गुस्सा: भाजपा नेता एक्सईएन की मेज पर हाथ पटककर बोले-तुम सबसे भ्रष्ट-बेशर्म अधिकारी

Thu, 26 Nov 2026 03:22 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

भाजपा नेता डॉ. निशित शर्मा समर्थकों के साथ सिंचाई विभाग कार्यालय पहुंचे और कोल रजबहे पर कब्जे को लेकर सवालों की बौछार कर दी। वायरल वीडियो में वह मुख्यमंत्री के आदेश का कागज दिखाते हुए अधिकारी से लिखकर देने को कहते हैं कि वह अतिक्रमण नहीं हटवा सकते। 
विज्ञापन
अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार के साथ भाजपा नेता निशित कुमार की नाेकझोंक - फोटो : स्वयं
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ के क्वार्सी चौराहे से महेशपुर तक कोल रजबहे पर कथित अवैध कब्जे नहीं हटे तो भाजपा के ब्रज क्षेत्र के मीडिया प्रभारी डॉ. निशित शर्मा का गुस्सा बुधवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर फूट पड़ा। समर्थकों के साथ विभागीय कार्यालय पहुंचे भाजपा नेता ने अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार को जमकर घेरा। सवाल पर सवाल दागे, मेज पर हाथ पटका और मुख्यमंत्री के आदेश का कागज दिखाते हुए चुनौती दे डाली अगर अतिक्रमण नहीं हटवा सकते तो लिखकर दे दो। करीब सात मिनट तक चले इस हाईवोल्टेज टकराव में भाजपा नेता ने अधिकारी को भ्रष्ट और बेशर्म तक कह दिया। घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

विज्ञापन


बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे डॉ. निशित शर्मा समर्थकों के साथ सिंचाई विभाग के कार्यालय पहुंचे। कोल रजबहे पर कब्जे का मुद्दा उठाते ही अधिकारियों की कार्यशैली पर सवालों की बौछार शुरू कर दी। वायरल एक मिनट 21 सेकंड के वीडियो में भाजपा नेता अधिशासी अभियंता की मेज पर हाथ मारते हुए एक कागज निकालते हैं और कहते हैं- तुमने बेवकूफ बना रखा है। यह कागज देखो, यह मुख्यमंत्री का आदेश है। फिर सीधा सवाल दागते हैं कि इस पर लिखकर दो कि अतिक्रमण नहीं हटवा सकते।
विज्ञापन

उनका गुस्सा यहीं नहीं थमा। अधिकारी से पूछते हैं- आखिर किसका दबाव है? बिल्डरों से मिले हुए हो क्या? भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें अपनी विधानसभा की चिंता है। कोल विधानसभा में एक-एक बीघा खेती करने वाला किसान परेशान है। किसानों की जमीन और रजबहे से जुड़े इस मुद्दे पर अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? उन्होंने दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री से एक बार मिल सकते हैं तो कई बार भी मिल सकते हैं।

Trending Videos
विज्ञापन

एक इंच कब्जा नहीं हटा, अधिकारी जिम्मेदारी दूसरे विभाग पर डालते रहे 
बहस के दौरान अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इस पर भाजपा नेता ने प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि बैठक में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन एक इंच भी कब्जा नहीं हटाया गया। अधिकारी जब उन्हें शांत रहने के लिए कहते हैं तो जवाब मिलता है, अगर मैं पीछे पड़ गया तो तुम्हें शांत कर दूंगा।

इसके बाद डॉ. निशित ने अधिकारी की कार्यशैली पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, अगर तुम्हारी जगह कोई ईमानदार अधिकारी होता तो अतिक्रमण हटवा देता। तुम अलीगढ़ के सबसे भ्रष्ट और बेशर्म अधिकारी हो। इतना कहकर उन्होंने हाथ में पकड़ा कागज एक्सईएन की मेज पर फेंका और कमरे से बाहर निकल गए। देखते ही देखते विभागीय कार्यालय का माहौल गरमा गया।

एक्सईएन की सफाई- विधायक निधि से लगा था बोर्ड, दो बार कार्रवाई की
अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार ने कहा कि जिस बोर्ड को हटाने की मांग की जा रही है, वह पिछली सरकार के समय विधायक निधि से लगाया गया था। इसे सिंचाई विभाग ने नहीं लगवाया है। विभाग इस मामले में दो बार कार्रवाई कर चुका है। अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अतिक्रमण हटवाया, पिलर लगवाए। वह अभी भी लगे हुए हैं। लगातार नोटिस भी दिए जा रहे हैं। लेकिन पूरी कार्रवाई में अन्य विभागों की भूमिका है।

यह हुआ था स्वतंत्र देव सिंह की बैठक के बाद
7 फरवरी 2026 को अलीगढ़ के सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की बैठक के दौरान कोल रजबहा पर कथित अवैध कब्जे का मुद्दा उठा था। बैठक के बाद सर्किट हाउस से बाहर निकलते समय सांसद सतीश गौतम ने सिंचाई विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजेंद्र कुमार को रोका और कार्रवाई में देरी पर फटकार लगाई। सांसद ने कहा था कि कोई समस्या आ रही है। कोई बात ही नहीं है। पंछी भी जब उड़ेगा जब इजाजत ले लेगा। अलीगढ़ के सांसद हम हैं। तुम्हें डर लग रहा है यार। एक (समुदाय का नाम लिया) नहीं बोलेगा यह मेरी गारंटी है। इस दौरान उनके बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें