जनगणना-2027 के तहत एएमयू परिसर में रहने वाले छात्रों, कर्मचारियों और अन्य निवासियों की शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए एएमयू प्रशासन ने प्रोफेसर मोहम्मद आसिफ को मुख्य नोडल अधिकारी नामित किया है। वह विश्वविद्यालय के एमआईसी प्रॉपर्टी के पद पर कार्यरत हैं।
विज्ञापन
संपत्ति एवं वक्फ विभाग की ओर से 17 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार जनगणना के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में स्थित संस्थागत भवनों और छात्रावासों में रहने वाले सभी लोगों की गणना सुनिश्चित की जाएगी। इसमें छात्र, कर्मचारी और अन्य निवासी शामिल होंगे। प्रो. मोहम्मद आसिफ को जनगणना से संबंधित समन्वय और आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान की जिम्मेदारी दी गई है।
विभाग की ओर से छात्र कल्याण अधिष्ठाता, प्रॉक्टर, सभी हॉलों के प्रोवोस्ट और वार्डन सहित विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारियों को भी पत्र की प्रतियां भेजी गई हैं, ताकि परिसर में रहने वाले किसी भी व्यक्ति की गणना छूटने न पाए।