अलीगढ़ नगर आयुक्त ने नगर निगम में जन्म-मृत्यु पंजीकरण के लिए आवेदक के अतिरिक्त किसी भी अवांछनीय तत्व के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। सात से 15 दिन में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
अलीगढ़ नगर निगम के नगर आयुक्त अमित आसेरी ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पटल पर पंजीकरण के बारे में सच्चाई जानने के लिए शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रमाण पत्र देरी से जारी करने पर पटल बाबू को फटकार लगाई। सात से 15 दिन में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
नगर आयुक्त को पटल बाबू चिरंजीलाल के पास रिपोर्ट लगे कई आवेदन पत्र मिले, जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी की और इससे पता चलता है कि लोग खुद रिपोर्ट लगवाकर नगर निगम में जमा कर रहे हैं। यह व्यवस्था बेहद खराब है। एकल खिड़की प्रक्रिया होने के बाद भी आवेदक रिपोर्ट के लिए इधर-उधर चक्कर लगा रहे हैं।
नगर आयुक्त ने नगर निगम में जन्म-मृत्यु पंजीकरण के लिए आवेदक के अतिरिक्त किसी भी अवांछनीय तत्व के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने नागरिकों को अपना आवेदन भरकर एकल खिड़की पर जमा करने की अपील की है। यहीं से सभी रिपोर्ट लगाने की कार्रवाई संबंधित ज़ोनल अधिकारी व कर्मचारियों को करनी होगी।