पांच राज्यों में बर्ड फ्लू के प्रकोप के चलते सक्रिय हुए पशुपालन विभाग ने बृहस्पतिवार को विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर 20 मुर्गे-मुर्गियों के सैंपल लिए हैं। इन सभी को जांच के लिए बरेली प्रयोगशाला भेजा गया है। शेखा झील पर आने वाले प्रवासी पक्षियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, जांच टीम को सुरक्षित रखने के लिए शासन से 100 पीपीई किट एवं 500 मास्क की मांग की गई है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, केरल एवं हरियाणा समेत पांच राज्यों में इन दिनों बर्ड फ्लू का प्रकोप है। इस बीमारी से निपटने के लिए पशुपालन विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अतरौली, जलाली, नरेना 12 नंबर समेत कई अन्य स्थानों पर पंजीकृत पोल्ट्री फार्मों में चेकिंग की गई। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ बीपी सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान 20 मुर्गे मुर्गियां बीमार मिले। इन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए बरेली प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
जांच टीम को सुरक्षित रखने के लिए शासन के पास 100 पीपीई किट व 500 मास्क की डिमांड भेजी गई है। शेखा झील पर भी आए प्रवासी पक्षियों की जांच के लिए डॉक्टरों की टीम भेजी गई थी, लेकिन अब तक वहां पर कोई संदिग्ध मामला प्रकाश में नहीं आया है।
बर्ड फ्लू को लेकर जिले में अलर्ट, पांच टीमें गठित
बर्ड फ्लू को लेकर जिले में अलर्ट जारी हो गया है। तहसीलवार पांच टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम में पांच-पांच सदस्यों को रखा गया है। उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी पशुधन एवं विकास डा. विपिन कुमार अग्रवाल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके साथ ही पशु चिकित्सा विभाग की ओर से गाइड लाइन भी जारी की गई है। जिला प्रशासन इस पूरे मामले में निगाह बनाए हुए है।
डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी। जारी गाइड लाइन के मुताबिक सभी टीमों को अपने कार्य क्षेत्र में स्थित बतख-पोल्ट्री फॉर्म में नियमित भ्रमण कर बायो सिक्योरिटी का कड़ाई से अनुपालन कराना है। बतख-पोल्ट्री फॉर्म की सूची बनाते हुए उनमें पक्षियों की संख्या, पक्षियों के जनपद में आपूर्ति का स्थान, मुख्यालय से फार्म की दूरी आदि की सूची तैयार की जाए। इसके साथ ही बतख, पोल्ट्री एवं प्रवासी पक्षियों का गहनता एवं गंभीरतापूर्वक सर्विलांस किया जाए।