स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण के पहले दूसरे ड्राई रन की तैयारी में जुट गया है। इस बार डमी पोर्टल पर अधिकतम 15 लाभार्थियों को पंजीकृत किया जाएगा। पहला ड्राई रन 5 जनवरी को हुआ था। दूसरे ड्राई रन का आयोजन 11 जनवरी को जनपद में 50 केंद्रों पर होना है। प्रत्येक केंद्र पर अधिकतम 15 लाभार्थियों को पूर्वाभ्यास के लिए बुलाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद का पत्र आने के बाद अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। इस बार उन सभी केंद्रों पर ड्राई रन का आयोजन होने जा रहा है, जहां टीके लगने हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ड्राई रन स्थल पर प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष एवं निगरानी कक्ष होना जरूरी है। प्रतीक्षालय एवं निगरानी कक्ष में बैठने की अलग-अलग व्यवस्था हो।
यथासंभव भूतल पर ही सत्र का आयोजन किया जाए। टीकाकरण टीम को निर्धारित स्थल पर 9.15 बजे तक पहुंच जाना है। पूर्वाभ्यास सत्र 10 बजे से टीका लगने तक है। 8 जनवरी को कोविन पोर्टल से संबंधित प्रशिक्षण सत्र का आयोजन होना है। इसमें समस्त वैक्सीनेटर, वेरीफायर एवं पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण सुनिश्चित करना है।
अपर मुख्य सचिव ने टीम के प्रत्येक सदस्य को उचित प्रशिक्षण देने पर जोर दिया है। इसके साथ ही पुलिस, होमगार्ड, आंगनबाड़ी आदि को जानकारी एवं प्रशिक्षण देना सुनिश्चित करना है। सत्र स्थल पर इंटरनेट/वाई-फाई की व्यवस्था जरूरी है। वैक्सीन, सिरिंज, एनाफाइलेक्सिस किट और अन्य लॉजिस्टिक्स आदि प्रत्येक सत्र स्थल पर टीकाकरण के समय पर उपलब्ध होना चाहिए। भंडारण, टीकाकरण स्थल तक परिवहन तथा टीकाकरण सत्र के दौरान वैक्सीन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।