सासनी गेट पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी व बरामद मोपेड।
- फोटो : CITY OFFICE
अक्सर फिल्मों में काल्पनिक पात्रों को मजबूरियों के चलते जुर्म की दुनिया में कदम रखते हुए देखा होगा। मगर, सासनी गेट पुलिस के हाथ रविवार को एक किसी फिल्मी कहानी के पात्र जैसा असली चोर लगा। उसके पास से पांच मोपेड बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह कैंसर से जूझ रहा है। इलाज को पैसा नहीं है। हालातों ने जुर्म की राह पकड़ने को मजबूर कर दिया। उसकी कहानी सुन पुलिस एक पल को तो भावुक हो गई। मगर, उसके अपराध को देखते थाना पुलिस ने चोर को सुसंगत धाराओं में पाबंद कर जेल भेज दिया।
रविवार को दिन में थाना पुलिस ने पला फाटक पर वाहन चेकिंग के दौरान एक मोपेड बाइक सवार युवक को रोककर पूछताछ की तो उसके पास गाड़ी के कागज नहीं मिले। शक होने पर पुलिस उसे थाने ले आई। इंस्पेक्टर सासनी गेट जावेद खां के अनुसार युवक ने अपनी पहचान सतीश उर्फ पिलांडू पुत्र देवीराम हाल निवासी गली-4 अवतार नगर, सासनी गेट बताई। मूल निवासी मोहल्ला पंजाबीयान बनेनो वाली गली, खुर्जा, बुलंदशहर का बताया। पुुलिस पूछताछ में उसने मोपेड चोरी की होने की बात स्वीकार की।
साथ ही माया गार्डन के पीछे जंगलों में बनी एक कोठरी से चोरी की पांच अन्य मोपेड बरामद कराई। चोर सतीश ने बताया कि वह इन वाहनों को बेचने की फिराक में था। इनसे मिलने वालों पैसों को कैंसर के इलाज के लिए जुटा रहा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। उसे दबोचने वाली टीम में एसआई सतीश कु मार, रजत कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुखवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह शामिल रहे।