बीए के छात्र मो. दानिश के साथ बेरहमी से मारपीट के मामले में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो छात्रों को निलंबित कर कैंपस में प्रवेश पर रोक लगा दी है।
3 सितंबर को बीए प्रथम वर्ष के छात्र मो. दानिश के साथ आर्ट फैकल्टी के पास मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि छात्रों ने दानिश को कट्टे के बट, बेल्ट एवं लात-घूसों से बेरहमी से मारापीटा था। दानिश को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। आंख में गहरे जख्म के कारण दानिश को बेहतर उपचार के लिए नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर किया गया था।
इस मामले में प्रॉक्टर प्रो. अफिफुल्लाह खान ने शहर के नई बस्ती निवासी बीए छात्र अरीब अयूब एवं हमदर्द नगर निवासी बीए छात्र फरहान शकील को जांच पूरी होने तक के लिए निलंबित कर दिया है। दोनो छात्रों के कैंपस एवं एएमयू से संबंधित संस्थानों में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। निलंबित छात्रों के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज हुआ था।