महानगर में बदमाशों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि अब तो बाइक चोरी के दौरान भी फायरिंग कर रहे हैं। सोमवार देर शाम ऐसा ही घटनाक्रम अतरौली अड्डे पर हो गया, जब एक नर्सिंग होम के बाहर से बाइक चोरी करते हुए युवक को रंगेहाथ दबोचा तो उसके साथी अचानक आ गए और फायरिंग उसे छुड़ा ले गए। साथ ही हाथों में लगा चाभी का गुच्छा भी छीन ले गए।
वाकया रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के मध्य का है। अतरौली अड्डे के बराबर के नर्सिंग होम के बाहर आए दिन बाइक चोरी की घटनाएं होने के कारण अब लोग वहां सतर्क हो गए हैं। जब आज फिर बाइक चोरी हुई तो सतर्क लोगों ने बाइक चोर दबोच लिया। बस अभी उसके हाथ से बाइक व चाभी का गुच्छा छीना ही था कि आसपास ही मौजूद उसके साथी भी अचानक एकत्रित हो गए और उन्होंने पलक झपकते ही हवाई फायरिंग करते हुए पहले अपना साथी छुड़ाया। फिर वह चाभी का गुच्छा भी छीन लिया और भाग गए। यह सब देख मौजूद लोग हैरत में पड़ गए। खबर पर पुलिस भी आई और जांच पड़ताल कर लौट गई।
कल इसी ठिकाने से पकड़ा बाइक चोर
यह सोमवार को पहला वाकया नहीं, जब बाइक चोर पकड़ा गया हो। इससे पहले रविवार को भी इसी जगह से पब्लिक की मदद से एक बाइक चोर क्वार्सी पुलिस ने दबोचा था। उसकी निशानदेही से दो बाइकें भी बरामद की थीं और इसे सोमवार को जेल भेजा गया। इसके बाद भी चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद कि लगातार दूसरे दिन फिर गैंग यहां घटना को अंजाम देने आ गया। एसओ क्वार्सी रविंद्र बहादुर सिंह के अनुसार पकड़े गए इब्नेहसन उर्फ कल्लू पुत्र मेहंदी हसन निवासी नगला पटवारी गली नंबर तीन ने शहंशाहबाद इलाके से दो बाइकें भी बरामद कराईं। दोनों स्पलेंडर बाइकें शहर से ही चोरी की गई थीं। इस दौरान फरार हुए साथियों के नाम उस्मान निवासी चांद बाग क्वार्सी, आसिफ निवासी सुल्तान जहां हॉस्टल के सामने क्वार्सी बताया। उन दोनों की तलाश की जा रही है। अंदेशा जताया गया है कि सोमवार को यही फरार लोग यहां घटना को अंजाम देने आए होंगे। क्योंकि इब्नेहसन को पकड़वाने में स्थानीय लोगों ने मदद की थी।