एटा के भागीपुर गांव का गुड्डू अपने बहनोई वीरपाल व उनके बहनोई उमेश संग बाइक पर किसी काम से एटा से मडराक आ रहे थे। वे जब ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी पीछे से कोई अज्ञात वाहन उनकी बाइक को टक्कर मारकर भाग गया।
नेशनल हाईवे-34 के कस्बा स्थित ओवरब्रिज पर 16 फरवरी देर शाम हुई सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार साले-बहनोई की मौत हो गई। वहीं उनका एक साथी घायल हो गया। ये दुर्घटना उस समय हुई। जब बाइक पर तीनों लोग एटा से मडराक आ रहे थे। तभी अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग गया। आनन-फानन तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। जहां दो को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार एटा के भागीपुर गांव का गुड्डू अपने 45 वर्षीय बदायूं जेतपुर निवासी बहनोई वीरपाल व उनके बहनोई मडराक निवासी 55 वर्षीय उमेश संग बाइक पर किसी काम से 16 फरवरी को एटा से मडराक आ रहे थे। वे जब आठ बजे करीब कस्बे के ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी पीछे से कोई अज्ञात वाहन उनकी बाइक को टक्कर मारकर भाग गया। अन्य वाहन चालकों की सूचना पर हाईवे एंबुलेंस व इलाका पुलिस वहां पहुंच गई। आनन फानन तीनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां उमेश व वीरपाल को मृत घोषित कर दिया गया।
चूंकि गुड्डू घायल व बदहवास स्थिति में था। इसलिए बहुत ज्यादा जानकारी नहीं हो सकी। देर रात किसी तरह परिजनों को सूचना दी गई। तब मडराक से उमेश के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। बदायूं व एटा से भी परिजन खबर पर रवाना हो गए। सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एसएचओ नरेंद्र शर्मा के अनुसार मामले में शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है।