16 फरवरी देर रात खैर-सोमना रोड पर ऐचना के पास कार और मैक्स वाहन की भिड़ंत हो गई। इसमें एक टिर्री चालक की मौत हो गई।
कार खुर्जा से आ रही थी और मैक्स वाहन खैर जा रहा था। ऐचना निवासी राजा बाबू (35) पुत्र राजे सिंह इस टक्कर की चपेट में आ गया। घटना के बाद एकत्रित हुए ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया। कार सवारों और राजा बाबू को एंबुलेंस से खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां राजा बाबू को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कार सवार अकील बेग (45) पुत्र हबीब बेग निवासी मुगलपुरा खुर्जा नगर, सोहेब (32) पुत्र यामीन निवासी पीरजार गंज खुर्जा नगर, बाबर (37) पुत्र यामीन निवासी पीर जार गंज खुर्जा नगर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मैक्स चालक घटना के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
बता दें कि राजा बाबू अपने परिवार में तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। खैर में टिर्री चला कर जीवन यापन कर रहा था। उसने पत्नी संजू, दो बेटे और माता पूरन देवी को रोते बिलखते हुए छोड़ा है।