आलमपुर-अतरौली मार्ग पर गांव नगलिया जाहर के पास रविवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक दानिश की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। हादसे में अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बदायूं के थाना सहसवान के गांव हिंडोल निवासी 22 वर्षीय दानिश पुत्र तय्यब खां अपने ही गांव के साथी फरमान और शादाब के साथ एक बाइक पर पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव बड़ेसरा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। रास्ते में आलमपुर चौराहे के पास अतरौली रोड पर सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
हादसे में दानिश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक का पीछा कर जिरौली के पास रुकवा लिया। इस बीच चालक मौके से भाग गया। पुलिस कर्मियों ने हादसे की सूचना परिजनों को देते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।