पनैठी व बाैनेर के पास हाईवे पर रविवार शाम ईंट से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉला की टक्कर से बाइक सवार फैक्टरी मजदूर राकेश कुमार (50) की माैत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
हाथरस के लच्छिमपुर निवासी राकेश कुमार सिंह गांधीपार्क क्षेत्र के राठी नगर में रहकर जयगंज इलाके की एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। रविवार को अवकाश होने पर राकेश कुमार सिंह सुबह बाइक से अपने पैतृक गांव में माता-पिता से मिलने गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे वे वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉला ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से गिरकर गंभीर रूप से राकेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जब तक उन्हें उपचार के लिए कहीं ले जाया जाता उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर पर परिजन माैके पर पहुंचे। पत्नी मंजू, पुत्री लता व पुत्र उन्नत समेत अन्य परिजनों का रो -रोकर बुरा हाल है। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि पुलिस ने ट्रॉला-ट्रैक्टर को पकड़ लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।