अलीगढ़ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने महानगर में निर्माण कार्यों में लगातार लापरवाही बरतने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न करने पर 1.48 करोड़ रुपये नौ टेंडर निरस्त कर दिए हैं। साथ ही फर्म को भी ब्लैक लिस्ट कर दिया है।
विज्ञापन
नगर निगम के निर्माण विभाग के लापरवाही के कारण शहर की सड़कों का बुरा हाल हो रहा है। नगर निगम तीन महीने में कार्य पूरा करने की शर्त पर फर्मों से अनुबंध करता है, लेकिन 10 माह से लेकर एक साल में निर्माण पूरे नहीं हुए हैं। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि भवानी कंस्ट्रक्शन को नौ कार्यों का ठेका मिला था। इनमें एक भी कार्य का उसने अनुबंध पूरा नहीं किया। इन कार्यों की लागत करीब 1.48 करोड़ थी। साथ ही फर्म की 14.95 लाख रुपये की जमानत राशि को जब्त कर लिया गया।
नगर आयुक्त के अनुसार वार्ड संख्या 76 दुर्गेश कॉलोनी, वार्ड 67 संगम विहार कॉलोनी, वार्ड 41 कुलदीप बिहार कॉलोनी, वार्ड 25 मोहल्ला शंकर बिहार कॉलोनी, वार्ड 50 आरके पुरम कॉलोनी, वार्ड 58 घनश्यामपुरी में विष्णुपुरी एक्सटेशन, वार्ड 49 जनकपुरी और वार्ड 63 समद रोड आदि में आरसीसी सड़क, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण से संबंधित कार्यों के टेंडर निरस्त किए गए हैं।