फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान और जवान को लड़ाने के लिए विपक्षी पार्टियां कर रहीं षड्यंत्र : चाहर

विज्ञापन
सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर । - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
आज देश के अंदर कुछ विपक्षी पार्टियां किसान और जवान को आपस में लड़ाने के लिए षड्यंत्र कर रहीं हैं। किसानों को गुमराह करके उन्हें भड़काया जा रहा है। उन्हें सरकार के खिलाफ खड़ा करके इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन

यह बात भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने बुधवार को रामघाट रोड स्थित तरुण वैली गेस्ट हाउस में आयोजित किसान सम्मेलन में कहीं। इस सम्मेलन में एटा, कासगंज, हाथरस और अलीगढ़ जिले के किसान व भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को घेर कर कुछ लोग सरकार पर किसानों के खिलाफ कानून बनाने के लिए दबाव डाल रहे हैं। एयर कंडीशनर, मसाज मशीन, लजीज खाना बनाने की मशीनों को लेकर रास्ता रोककर खड़े हैं। वे इसे आंदोलन का नाम दे रहे हैं। जिस फसल को किसान बहुत परिश्रम से पैदा करता है, प्राकृतिक आपदा, ओलावृष्टि उस फसल को नष्ट कर देती है। इस स्थिति पर प्रधानमंत्री मोदी का ध्यान गया और उन्होंने किसान सम्मान निधि की शुरुआत की।
विज्ञापन

किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों ने किसानों के हितों के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया, लेकिन भाजपा की सरकार ने किसानों के दर्द को समझा। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के कार्यकाल में पहली बार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए। उसी समय कृषि आयोग का भी गठन किया गया। गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का काम भाजपा की सरकारों ने किया। गांव-गांव तक सड़क, इंटरनेट तक का जाल फैलाने का काम भाजपा ने किया। ताकि किसान भी बाजार के सीधे संपर्क में रहकर अपनी उपज का मूल्य मालूम कर सके।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को हरी मिर्च और लाल मिर्च की समझ भी नहीं थी। इसी तरह राहुल गांधी ने भी एक बार कहा कि हम आलू पैदा करने की एक फैक्टरी लगाएंगे। यह इन लोगों की कृषि और कृषक के विषय में समझ है तो यह किसान के हितों के लिए बनाए गए कानून को भला क्या समझेंगे? उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों के तहत किसान उत्पादन संघ तैयार किया जाएगा। यह किसानों को ताकत देगा।
राजकुमार चाहर ने कहा कि देश में कई दशकों तक यूपीए की सरकार रही, लेकिन स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू नहीं किया गया। मोदी सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को सुधार करके लागू किया है। अब नकारात्मक राजनीति करने वाले लोग किसानों को भ्रमित कर बिचौलियों को फायदा पहुंचाने में लगे हैं, लेकिन मोदी सरकार किसानों के खेतों के लिए बिचौलियों से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चौधरी चरण सिंह और महात्मा टिकैट के सपनों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव है। इसलिए पंजाब सरकार जो कि 85 हजार करोड़ रुपये का पैकेज किसानों को नहीं दे पाई है, अब वह उनको गुमराह कर रही है।
मोदी सरकार ने किसानों को देश में कहीं पर भी अपनी उपज बेचने की स्वतंत्रता दे दी है। साथ ही सरकार ने एमएसपी को डेढ़ गुना करने का निर्णय लिया है और खरीद भी बढ़ाई है। किसानों के लिए एक लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की गई है। कार्यक्रम में इससे पूर्व किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। एटा के सांसद राजवीर सिंह राजू ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों से कृषि क्षेत्र में जबरदस्त परिवर्तन होगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, लेकिन वामपंथी राजनीति करने वाली कांग्रेस किसानों के हितों को कुचलना चाहती है। सांसद सतीश गौतम ने कहा कि भारत में जय जवान जय किसान का नारा हमेशा बुलंद रहेगा।
सम्मेलन में यह हुए शामिल
कार्यक्रम में शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक ठाकुर दलवीर सिंह, विधान परिषद सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह, विधायक संजीव राजा, विधायक रविंद्र पाल सिंह, विधायक अनिल पाराशर, विधायक राजकुमार सहयोगी, विधायक अनूप प्रधान, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू, भाजपा राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त ठाकुर रघुराज सिंह, पूनम बजाज, ठाकुर श्योराज सिंह, अलीगढ़ के जिलाध्यक्ष ऋषि पाल सिंह, कासगंज के जिला अध्यक्ष के पी सिंह, हाथरस के जिला अध्यक्ष गौरव आर्य, एटा के जिला अध्यक्ष संदीप जैन, जिला पंचायत सदस्य शिवनारायण शर्मा, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, राजीव शर्मा, अनीता जैन, जयदीप गौड़, मीना कुमारी, नत्थी सिंह, रामसखी कठेरिया, राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ, हनी वार्ष्णेय, उमेश कुमारी, आशा सिंह, डॉ. निशित शर्मा, पंकज पवार, आशीष कुमार, शैलेंद्र गुप्ता, हिमांशु शर्मा, वैभव गौतम, केके शर्मा, सुरेश चंद शर्मा, धर्मेंद्र चौधरी, राहुल जैन, पवन भीलवाड़ा, संदेश राज, राजेश राणा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक जगमोहन गुप्ता ने किया।
पैसे न मिलने पर युवक ने काटा हंगामा
किसान सम्मेलन समाप्त होने के बाद इगलास से आए सुनील चौधरी नाम के एक युवक ने पैसे नहीं मिलने पर हंगामा काट डाला। उसने आरोप लगाया कि सौ रुपये तय करके उसे सम्मेलन में लाया गया था, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जिसने उसे पैसे देने का वादा किया था वह गायब हो गया। यह बात जब उसने सार्वजनिक रूप से कहना शुरू किया तो उसे भाजपा के नेताओं ने घेर लिया और दूसरी जगह ले गए। इससे थोड़ी देर के लिए अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें