मुक्केबाज भारती शर्मा अपनी छोटी उम्र में बड़ा पंच लगा रही हैं। अब उन्हें ट्रायल देने के लिए रोहतक बुलावा आया है। अगर ट्रायल में सफल रहीं तो वह एशियन चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। अपने छोटे खेल कॅरियर में पंच से कई पदक जीतकर जिले का मान बढ़ा चुकी हैं।
मुक्केबाज भारती 52 से 54 किलोग्राम भार वर्ग में खेलती हैं। जब वह 10 साल की थी, तब वह मुक्केबाजी सीखने के लिए बॉक्सिंग रिंग पर उतरीं। अब वह 17 साल की हैं, लेकिन ख्वाब उम्र से कहीं ज्यादा बड़े हैं। उनका ख्वाब भारत के लिए ओलंपिक में मेडल जीतना है। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर भवीगढ़ निवासी चैतन्य प्रकाश शर्मा की बेटी भारती डीएस कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं।
भारती ने बताया कि प्रशिक्षक सोम प्रकाश गौड़ व प्रलय शर्मा की देखरेख में मुक्केबाजी का अभ्यास कर रही हैं। उन्होेंने कहा कि उन्हें एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल के लिए बुलाया गया है। यह ट्रायल एनबीए रोहतक, हरियाणा में 3 से 8 जनवरी-2022 तक होगा। ट्रायल में सफल रहीं तो भारती जिले की पहली महिला मुक्केबाज होंगी, जो एशियन चैंपियनशिप में खेलेंगी।
ये हैं उपलब्धियां
- ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी-2021 में डॉ. बीआरए विवि टीम का प्रतिनिधित्व।
-राष्ट्रीय यूथ महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2021 सोनीपत हरियाणा प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व।
-राज्य स्तरीय चयन के लिए ट्रायल-2021 मेरठ प्रथम स्थान।
-यूपी स्टेट जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2018 झांसी में स्वर्ण पदक।
-जनपदीय जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2018 में स्वर्ण पदक।
-20वीं यूपी स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2017 में रजत पदक।
-अमर उजाला अलीगढ़ ओलंपिक बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2017 में स्वर्ण पदक।
-जनपदीय सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2017 में स्वर्ण पदक।
-जनपदीय सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2016 में स्वर्ण पदक।
-यूपी स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2015 में कांस्य पदक।