फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के नाम पर फ्राड से भाजपा में खलबली

Thu, 16 Feb 2017 01:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
विज्ञापन
‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के नाम पर फ्राड से भाजपा में खलबली - फोटो : Dig Vishal
विज्ञापन
 बेटी की शादी के लिए दो लाख रुपये मिलेंगे, बस एक फार्म भरना है। इस अफवाह ने पूरे जनपद में खलबली मचा दी है। सबसे ज्यादा बेचैनी भाजपा को हो रही है, क्योंकि योजना केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार के नाम से प्रचारित हुई है। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत इसके फार्म भर कर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय शांति भवन नई दिल्ली को रजिस्ट्री से भेजे जा रहे हैं। इस फ्राड योजना से बहुत ज्यादा किरकिरी होने पर बुधवार को सांसद सतीश गौतम अफवाहों को रोकने के लिए खुद मैदान में उतर गए। वह सहारनपुर में चुनाव प्रचार छोड़ कर आए और सीधे मुख्य डाकघर पहुंचे और वहां एकत्र महिलाओं को बताया कि ऐसी कोई योजना नहीं है। ये कोरी अफवाह है। 
विज्ञापन

महिलाओं को समझाने के बाद सांसद ड्यूटी पर तैनात डिप्टी पोस्ट मास्टर (डीपीएम)  शैलेंद्र सिंह के कक्ष में पहुंचे और उनसे ऐसे फार्म की रजिस्ट्री बंद कराने को कहा। इस पर डिप्टी पोस्ट मास्टर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि ये मेरी ड्यूटी नहीं है। जब योजना न होने संबंधी बोर्ड लगाने की बात कही गई तो अफसर ने दोबारा से मना कर दिया। यही नहीं डीपीएम ने सांसद का अभिवादन भी स्वीकार किया। इस पर सांसद भड़क गए। डीपीएम कोे जम कर खरी खोटी सुनाई और केंद्रीय दूर संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को फोन मिला दिया। उनसे बात हुई तो सांसद ने कहा कि डीपीएम का तबादला दूसरे प्रांत में कर दिया जाए। उनकी लोकसभा में ऐसे अफसरों को रहने नहीं दिया जाएगा जो जनता के प्रति संवेदनशील नहीं है। सांसद से बहस होने की खबर पर असिस्टेंट पोस्ट मास्टर राजीव तिवारी भी पहुंचे और नोकझोंक में बीचबचाव कर सांसद की बात सुनी, लेकिन सांसद डीपीएम के व्यवहार से बहुत ज्यादा नाराज हो गए थे, इसलिए वह वहां पर ज्यादा देर नहीं ठहरे। इस बीच इतना जरूर तय हुआ कि पोस्ट आफिस पर इस फ्राड योजना की सही जानकारी दी जाए। बोर्ड लगाया जाये कि ऐसी कोई योजना नहीं है फार्म की रजिस्ट्री न करें। शहर और देहात के सभी पोस्ट आफिस में ऐसी सूचना दी जाए। सांसद के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, महामंत्री मानव महाजन और नारद राय भी मौजूद थे।
इससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट विमल अग्रवाल डाकघर पहुंचे और लोगों को समझाया कि ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने आए हुए लोगों से कहा कि रजिस्ट्री न करें ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने डाकघर मुख्य कार्यालय के अंदर बाहर लगी भीड़ को बाहर करा दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही लोग दोबारा से जम गए। वहीं कुछ सभासद एडीएम सिटी श्याम बहादुर सिंह से मिले तो उन्होंने भी स्पष्ट किया कि ऐसी कोई योजना नहीं है जनता को सही जानकारी दें।  
विज्ञापन

भाजपा नेताओं ने ही बताई योजना
अलीगढ़। बरौली विधानसभा क्षेत्र में 8 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की सभा में अलीगढ़ के जिला प्रभारी रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा था कि भाजपा सरकार यूपी में बनने पर बेटियों की शादी के लिए दो दो लाख रुपये मिलेंगे। इस बाबत जब सांसद से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो ये गलत है। कांग्रेस नेता विवेक बंसल ने चुनाव पर्यवेक्षक को इस संबंध में लिखित शिकायत भेजी थी कि कुछ भाजपा नेता जनता के बीच ऐसे फार्म भरवा कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। 
4000 हजार फार्म भेजे, सभासद टेंशन में
अलीगढ़। इस योजना की आड़ में कुछ जालसाज फार्म छाप कर बेच रहे हैं। दो से पांच रुपये की कीमत वसूली जा रही है। ये भी कहा जा रहा है कि फार्म पर संबंधित क्षेत्र के सभासद के हस्ताक्षर और मोहर लगने के बाद ही आवेदक को पात्र माना जाएगा। इसलिए सभासदों के पास फार्म भरने वालों की लाइन लग रही है। गुजरे तीन चार दिन में ही तकरीबन चार हजार से ज्यादा रजिस्ट्री कराई गई हैं। ये रजिस्ट्री भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय शांति भवन नई दिल्ली भेजी जा रही हैं। जिले से अब तक लगभग 4000 रजिस्ट्री कराई गई हैं।    
बड़ी मस्जिद जमालपुर की पार्षद शबाना के पति असलम ने फार्म दिया। कहा था कि योजना में बेटी की शादी के लिए दो लाख रुपये मिल जाएंगे। मेरी बेटी शादी योग्य है। इस वजह से मैंने फार्म भरा। 
-दिलशाद, निवासी जमालपुर
मैंने किसी को फार्म नहीं दिया। मुझ पर आरोप लगाने वाले व्यक्ति का भाई फार्म लेकर आया था। मैंने योजना की जानकारी होने से इंकार कर दिया तो उसके साथ आए तमाम लोग दबाव बनाने लगे कि केवल फार्म को सत्यापित कर दो। दबाव में मेरी पार्षद पत्नी ने कुछ लोगों के फार्म पर हस्ताक्षर किए हैं। 
-असलम, बड़ी मस्जिद जमालपुर की पार्षद के पति
मुझे मेरी बहन ने बताया था इसलिए डाकखाने आई और यहां आकर पता चला कि ऐसी कोई योजना नहीं है लोगों को बरगलाया जा रहा है। मैं अपनी बहन सलमा और तमन्ना के लिए फार्म लेने आयी थी।  
-सीमा और सलमा, निवासी नई बस्ती 
मुझे मोहल्ले में पता चला तो फार्म लेकर भरा जमा करने डाक घर में आई तो कहा रजिस्ट्री कर दो। अब कह रहे हैं कि कोई योजना नहीं है। लोगों को परेशान किया जा रहा है। सब झूठ बोल रहे हैं। 
-अंजलि पुत्री शकुंतला, निवासी बरौला।
प्रधान के घर से पता चला कि ऐसे फार्म भरे जा रहे हैं। हम भी फार्म भरने आए तो पता चला कि सब फ्राड है। अब सांसद सतीश गौतम ही सफाई देते घूम रहे हैं कि ऐसी कोई योजना नहीं है।
-शायरा पुत्री तबस्सुम निवासी नगला किला। 
मोहल्ले में इस फार्म को भरने और रजिस्ट्री करने वालों में होड़ लग गई है। लोग भागदौड़ कर रहे हैं। सभासदों से फार्म सत्यापित कराने के बाद जमा कर रहे हैं, लेकिन ये सब एक धोखा है। 
-ममता निवासी काबे की सराय। 
गुलजार गली स्थित परचून की दुकान पर एक रुपये में फार्म मिल रहा था। इस परचून की दुकान में फोटोस्टेट व एसटीडी है। वहीं से फार्म खरीदकर मैंने मंत्रालय को को रजिस्ट्री की है। 
-मो.अबरार निवासी जमालपुर
आहूति संस्था ने की थी सांसद से अपील
अलीगढ़। आहुति संस्था के अध्यक्ष अशोक चौधरी एवं महासचिव और सभासद डा.मधु आंधीवाल का दावा है कि जालसाजों द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना में दो लाख रुपये मिलने को लेकर फैलाए गए भ्रम और इसमें हजारों लोगों के फंसने की जानकारी सांसद सतीश गौतम एवं भाजपा प्रत्याशी संजीव राजा व उपाध्यक्ष मनोज शर्मा को दी थी। उनसे हस्तक्षेप कर जनता का भ्रम दूर करने का अनुरोध किया गया था। आशंका जताई थी कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें