अलीगढ़ महानगर के रोरावर क्षेत्र के युवक पर खुद को भविष्यवक्ता बताकर सोशल मीडिया पर यूएस में रहने वाले एनआरआई प्रोफेसर से दोस्ती करने, फिर अश्लील चैट कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। अब तक रोरावर के युवक ने 1.30 लाख रुपये हड़प लिए हैं। अब 5 लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं। मामले में दूतावास के जरिये एसएसपी से हुई शिकायत पर आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है और उसको रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
यूएसए के विश्वविद्यालय में बतौर प्रोफेसर सेवारत व्यक्ति की ओर से एसएसपी को शिकायत भेजी गई। कहा गया कि वह भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है, जिसने 2003-2006 तक ब्रह्मचारी के रूप में वृंदावन के एक गुरुकुल में पढ़ाई की है। आरोप के अनुसार 2020 में रोरावर क्षेत्र के ऋषभ शर्मा नाम के युवक से उसकी सोशल मीडिया के जरिये मुलाकात हुई। भारतीय होने के नाते प्रोफेसर उससे आकर्षित हुए और ऋषभ ने खुद को ज्योतिष वक्ता बताया। इसे लेकर दोनों के बीच अध्ययन, दर्शन आदि विषय पर बातचीत हुई।
इसी दौरान कोविड के दौर में आरोपी ने लोगों की मदद के नाम पर रुपये लिए। इस दौरान दोस्ती गहरी होने पर दोनों में अंतरंग बातचीत व चैट तक हुई। इसी बीच 8 अगस्त 2021 को आरोपी ने खुद व परिवार की जरूरत, आर्थिक हालात आदि का हवाला देकर रुपये मांगना शुरू कर दिया। कहा कि अगर रुपये नहीं मिले तो उसकी संपत्ति जब्त हो जाएगी। इस पर प्रोफेसर ने रुपये देने से मना किया तो संरक्षित वीडियो चैट का हवाला देते हुए ब्लैकमेल किया। इस पर प्रोफेसर ने कुछ रुपये भेज दिए। इस तरह अब तक कुल 1.30 लाख रुपये भेजे गए। अब पांच लाख रुपये और मांगे गए। न देने पर धमकी दी गई।
इस पर प्रोफेसर ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने आरोपी को फोन पर धमका दिया। मगर अधिकार से बाहर बताकर मुकदमा नहीं किया। आरोपी ने लिखित माफी भी मांगी। अब 11 फरवरी 2023 से फिर उसने रुपये मांगना शुरू कर दिया और 19 फरवरी को ईमेल भेजा। साथ में फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए 20 फरवरी को एक नग्न तस्वीर का स्क्रीनशॉट भी भेजा।
साथ में 21 फरवरी को प्रोफेसर के कार्यालय के एक अधिकारी को ईमेल पर धमकी दी। इन्हीं से आजिज आकर प्रोफेसर ने दूतावास के जरिये एसएसपी को मेल भेजा। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए रोरावर में आरोपी रामप्यारीपुरम के ऋषभ शर्मा पुत्र शीलनिधि शर्मा पर मुकदमा दर्ज कर रविवार को उसे जेल भेजा है। एसएसपी के अनुसार मामले में अब आगे की जांच की जा रही है।