सीएम योगी के काफिले के दौरान आवारा सांड को भगाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : Rupesh
सीएम योगी आदित्यनाथ के शनिवार को शहर में आगमन के दौरान सुरक्षा में तैनात अफसरों के उस वक्त होश उड़ गए जब पीएसी हैलीपैड से काफिला पंडित दीनदयाल चिकित्सालय की ओर बढ़ा। तभी क्वार्सी चौराहे के पास एक सांड अचानक सड़क पर आ धमका और बीच रास्ते में खड़ा होकर चिल्लाने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसे सड़क से हटाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।
कुछ ही देर में सीएम का काफिला आने वाला था। यह देख ड्यूटी पर मौजूद अफसरों व कर्मचारियों के होश उड़ गए। आनन-फानन नगर निगम की टीम सांड को पकड़ने के लिए पहुंच गई। इसी बीच सांड वहां से भाग छूटा। इससे क्वार्सी चौराहे पर खलबली मच गई। सांड एक गली के रास्ते पोखर की ओर भाग गया। काफी प्रयासों के बाद भी नगर निगम की टीम उसे पकड़ नहीं सकी। हालांकि इस बीच सीएम का काफिला पंडित दीनदयाल चिकित्सालय पहुंच गया तो अफसरों ने राहत की सांस ली।
सीएम की एक झलक पाने को रहे बेताब, सड़क किनारे जुटी लोगों की भीड़
दोपहर करीब सवा दो बजे जैसे ही सीएम का हेलीकॉप्टर रामघाट रोड स्थित 38वीं वाहिनी के हैलीपैड पर पहुंचा, काफिले में शामिल सीएम योगी आदित्यनाथ की झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की पीएसी के गेट के सामने सड़क किनारे भीड़ खड़ी हुई थी। यही नजारा क्वार्सी चौराहे व दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के बाहर का था।
हर कोई सीएम की झलक पाने को बेताब था। कार में सवार सीएम योगी आदित्यनाथ भी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते रहे। जीटी रोड पर रघुनाथ पैलेस के बाहर भी उन्होंने बड़ी संख्या में खड़े लोगों की भीड़ ने हाथ हिलाया तो सीएम ने भी हाथ हिलाकर उनका स्वागत स्वीकारा। इस दौरान लोगों ने योगी-मोदी व जयश्री राम के जयकारे भी लगाए। रघुनाथ पैलेस में आयोजित संवाद कार्यक्रम में भी शहर प्रत्याशी मुक्ता राजा समेत तमाम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में सीएम के पैर छूकर आशीर्वाद लेने की होड़ मची रही।